क्वार्सी क्षेत्र के बेला मार्ग स्थित एक अपार्टमेंट में लखीमपुर से बहनोई के घर आए एसबीआई के बैंक मैनेजर की सोमवार को संदिग्ध हालत में छत से गिरकर मौत हो गई। हालांकि आनन-फानन बैंक मैनेजर को जेएन मेडिकल कॉलेज भी ले जाया गया। मगर, काफी प्रयास के बाद भी बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। पुलिस इसे आत्महत्या और हादसा दोनों से जोड़कर जांच की बात कह रही है।
मूल रूप से हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ क्षेत्र के गोसगंज निवासी 38 वर्षीय निशांत यादव पुत्र प्रेम सिंह लखीमपुर जिले के मिलानी कस्बे की एसबीआई शाखा में बैंक प्रबंधक के पद पर तैनात थे। हाल ही में बैंक में अवकाश होने के कारण यहां बेला मार्ग ज्ञान अपार्टमेंट निवासी बहनोई सोमनाथ के घर आए थे। परिवार ने पुलिस को जो जानकारी दी है, उसके अनुसार तड़के पांच बजे के आसपास वह अपार्टमेंट की छत पर टहल रहे थे। तभी अचानक पैर फिसल गया और पांचवीं मंजिल से छत से सीधे सड़क पर आ गिरे। यह देख आसपास टहलने निकले लोगों ने शोर मचाया तो अपार्टमेंट में अफरातफरी का माहौल बन गया। अपार्टमेंट के सिक्योरिटी स्टाफ के जरिये मिली सूचना पर बैंक प्रबंधक के रिश्तेदार नीचे आ गए और आनन-फानन निशांत को बिना पुलिस को सूचना दिए जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। शाम को मेडिकल कॉलेज में निशांत की मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर क्वार्सी पुलिस वहां पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच पड़ताल शुरू की। इधर, मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में परिजनों ने स्वीकार किया है कि वह पिछले कई दिनों से तनाव में थे। क्वार्सी थाने के एसएसआई चंचल सिरोही ने बताया कि बैंक प्रबंधक की मौत अपार्टमेंट की छत से गिरकर हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है। यह आत्महत्या है या हादसा, जांच के बाद ही साफ होगा। हालांकि परिवार इसे इत्तेफाकिया दुर्घटना ही मान रहे हैं। इससे ज्यादा परिवार कुछ बता भी नहीं रहा है।