भाजपा से अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम, एटा के सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, बिजनौर के सांसद कुंवर भारतेंदु, बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह के अलावा मुर्शिदाबाद के सांसद मुहम्मद बदरूद्दोजा खान एवं कोलकाता की सांसद ममताज संघमिता अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कोर्ट सदस्य नियुक्त किए गए हैं। इनकी नियुक्ति तीन साल या लोकसभा सदस्य रहने तक होगी।
इसमें से सतीश कुमार गौतम, राजवीर सिंह राजू भैया, कुंवर भारतेंदु एवं भोला सिंह लगातार दूसरी बार कोर्ट सदस्य बनाए गए हैं। इससे पूर्व भी ये लोग तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। पिछली बार कुंवर भारतेंदु के नाम का एएमयू छात्रों ने जबर्दस्त विरोध किया था और उन्हें कैंपस में नहीं घुसने देने का एलान किया था।
एएमयू छात्र कुंवर भारतेंदु को मुजफ्फरनगर दंगे का आरोपी मानते हैं। कोर्ट की बैठक के दौरान एएमयू के छात्र भाजपा सांसदों के वाहनों में भारतेंदु को ढूंढते थे। जानकारों की मानें तो भारतेंदु पिछले कार्यकाल में एक बार भी कोर्ट की बैठक में शामिल नहीं हुए। एएमयू को लेकर सांसद सतीश गौतम काफी मुखर रहे और पिछले कुछ वर्षों में कई बार टकराव की नौबत आई। राजा महेंद्र सिंह का जन्म दिवस एएमयू में मनाने एवं जिन्ना प्रकरण को लेकर एएमयू छात्र एवं सांसद सतीश गौतम आमने-सामने थे।