महानगर के सरोज नगर में सराफा कारोबारी के घर दिनदहाड़े हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात में दो सवाल सभी के सामने नुमाया हैं। यह वारदात कब और किसने की? मगर पुलिस जांच के बाद जब सराफा की दोनों विवाहित बेटियां बेडरूम और तिजोरी वाले कमरे में पहुंचीं तो मौका-ए-वारदात पर गवाही दे रहे तथ्यों को देखकर कोतवाल से चीख-चीखकर बोलीं। अंकल हो न हो कोई ऐसा इस वारदात में शामिल है जो या तो हमारा अपना है? या फिर हमारे घर के विषय में बारीकी से यह सब जानता है कि कौन सी वस्तु कहां रखी है?
सराफा की दोनों बेटियों पायल व काजल ने तिजोरी के पास पड़ा नुकीली कीलों से भरा स्टील का जग और बदमाशों द्वारा प्रयोग में लिए गए हथौड़े व प्लास को देखकर बताया कि ये हमारे घर के सामान हैं और घर के अंदर के झीने के नीचे इन्वर्टर के पास छिपे हुए रखे रहते हैं। इनके विषय में परिवार के करीबी सदस्यों, अक्सर घर आने जाने वालों के अलावा और शायद ही कोई जानता होगा कि तिजोरी व ताला तोड़ने का ये सामान घर में कहां रखा मिलेगा। उन्होंने स्वीकारा कि पापा दुकान के कीमती जेवरात के अलावा गिरवी रखे जेवरात भी घर में इसी स्थान पर लाकर रखते थे। बदमाशों ने इस बेडरूम अंदर वाले कमरे और उसके अंदर रखी तिजोरी के अलावा कहीं भी कोई हाथ नहीं लगाया। बेड पर कुछ कागज जरूर बिखरे पड़े हैं। इससे जगजाहिर है कि हमारा बेहद करीबी ही इस लूट व मां की हत्या में शामिल होगा। इस पर बिलखती दोनों बेटियों को पुलिस अधिकारियों ने तसल्ली देते हुए कहा कि परेशान न हों। घटना का जल्द खुलासा होगा। जिसने भी वारदात को अंजाम दिया है, उसे सबक सिखाया जाएगा।
भैय्या की शादी के लिए रखे जेवर भी गायब
बेटियों ने पुलिस को यह भी बताया कि घर में भैय्या की शादी के लिए भी जेवरात मां व पापा ने जोड़कर रखे थे। वे भी गायब हुए हैं।
ये है सराफा की पारिवारिक प्रोफाइल
जीटी रोड नौरंगाबाद देवी मंदिर के पास कुलदीप ज्वैलर्स के नाम से दुकान चलाने वाले कुलदीप वर्मा मूल रूप से महेंद्र नगर के रहने वाले हैं। वे चार भाइयों में तीसरे नंबर के हैं। वर्ष 2012 में उन चारों भाइयों ने नई विकसित हुई कॉलोनी सरोज विहार में अपने-अपने मकान बनाकर रहने लगे। चारों का अपना-अपना सराफा का कारोबार है, जिनमें कुलदीप का कारोबार सबसे मजबूत ही माना जाता है। घर में दो बेटियां पायल व काजल की शहर में ही अलग-अलग इलाकों में शादियां कर दी गई हैं। एक बेटा योगेश उर्फ राजा इन दिनों अपनी प्रेमिका संग लव मैरिज कर पीएसी स्थित मॉल के सामने किराये पर रह रहा है। खुद कुलदीप अपनी दुकान पर सुबह चले जाते हैं और साथ में एक नौकर रहता है, जबकि दिन भर पत्नी कंचन अकेली रहती थीं। इस बीच दो बार काम वाली सुबह सफाई करने और दोपहर में खाना बनाने आती है।
गुस्से में पिता ने ही घर से निकाला बेटा
पुलिस पूछताछ में घर पर मौजूद बेटा योगेश उर्फ राजा ने स्वीकारा कि वह कुछ समय पहले तक अमेजन कंपनी में उत्तराखंड में नौकरी कर रहा था। छह माह पहले उसने लव मैरिज कर ली, जिसका पिता ने विरोध किया और गुस्से में घर से निकाल दिया। इसी बीच उसकी नौकरी भी छूट गई। अब वह अपनी पत्नी संग अलग रह रहा था। मगर बीच-बीच में अपनी मां से मिलने आता था। बीते मंगलवार को भी वह काफी देर तक अपनी मां के पास बैठकर गया था।
ये है सबसे पहले पहुंचने वाली ननद की जुबानी
मौके पर सबसे पहले मृत कंचन वर्मा की ननद यानि सराफा कुलदीप की बहन अनीता वर्मा पहुंचीं। वे आई तो किसी काम से नौरंगाबाद तक थीं। मगर उन्होंने मन बनाया कि बहुत दिन हो गए भाभी से मिले बिना। इस पर वे सही पांच बजे करीब अपनी भाभी के दरवाजे पर दस्तक देती हैं। दरवाजा अंदर से खुला हुआ था। शक होने पर उन्होंने अंदर देखा तो समझ गईं। बगल में रहने वाली दूसरी भाभी व कुलदीप को बुलाया। अंदर जाकर खोजने पर बाथरूम में बंद बेसुध कंचन को देखा तो अंदर से गैस लीक होने की दुर्गंध आ रही थी। यह देखने पर पाया कि सिलिंडर से गीजर को जाने वाला पाइप कटा हुआ है। तत्काल उन्होंने सिलिंडर का रेगूलेटर बंद किया। भाभी के नाक से खून बह रहा था। देखने से लग रहा था कि किसी ने अंदर धक्का दिया है और बाहर से बंद कर दिया है। इस दौरान गिरने से और गैस से दम घुटने से नाक से खून बहा होगा।
आज ही नहीं हुईं बेटियों से बात
बेटियों ने यह भी बताया कि आज ही उनकी अपनी मां से बात नहीं हुई। वरना शायद ही कोई दिन ऐसा जाता हो, जब बात न होती हों। वे खुद भैय्या के घर से जाने के बाद दिन में दो-तीन बार मां से बात कर लेती थीं।
पापा के फोन पर आए बेटियां-दामाद व बेटा
घटना की खबर पर अपने नौकर के साथ घर आए कुलदीप ने अपनी पत्नी को मेडिकल कॉलेज ले जाने के साथ-साथ अपनी दोनों बेटियों व बेटे को फोन किया। इस सूचना पर सीधे वे घर पहुंचे और वहां के हालात देखकर बेटियों की हालत यह थी कि उनको कोई संभाल नहीं पा रहा था।
1:37 बजे के बाद वारदात, सीसीटीवी भी दे रहा गवाही
मौका-ए-वारदात पर जांच में जुटी पुलिस को जो अहम सुराग मिले हैं, उसके अनुसार ये वारदात दोपहर 1:37 बजे के बाद हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि महिला अपने बड़े दामाद से मोबाइल पर किसी मसले पर बात कर रही थीं, तभी अचानक महिला ने यह कहकर फोन काट दिया था कि दरवाजे पर कोई है। बाद में बात करूंगी। इसके कुछ देर बाद ही सीसीटीवी में सराफा के घर वाली गली में लगे सीसीटीवी में नीले सलवार शूट में ईयरफोन लगाए घूमती एक महिला और बाइक सवार दो युवक कैद पाए गए हैं। महिला ने बाइक सवारों को कुछ सामान भी दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर जब बातचीत शुरू की तो यही तथ्य सामने आए। अब सवाल खड़ा हो रहा है कि वो कौन था, जिसके लिए महिला ने दामाद का फोन काटकर दरवाजा खोला। इसके बाद दूसरा सवाल खड़ा हो रहा है कि महिला के दरवाजे से लेकर गली के मुहाने पर वह महिला कौन चक्कर लगा रही है। उस महिला ने बाइक सवार युवकों को बैग में कुछ सामान भी दिया है। इसके बाद युवक गली से बाहर चले गए हैं और महिला भी पैदल-पैदल चली गई है। इस सवाल का जवाब पुलिस तलाश रही है कि वे तीनों कौन थे। इसके लिए बाइक की शिनाख्त के प्रयास चल रहे हैं।
दोनों बार पहुंची डोरी नगर की काम वाली महिला
हालांकि बेटियों या परिवार के सदस्यों को इस बात की पुष्टि नहीं है कि काम वाली दोनों बार आई या नहीं। मगर मोहल्ले के लोगों से यह पता चला है कि सुबह आठ बजे काम वाली महिला साफ-सफाई के लिए आई है। इसके बाद दोपहर में 12-1 बजे के मध्य वह खाना बनाने भी आई है। बेटियों ने बताया कि यह महिला डोरी नगर इलाके से आती थी।
सरोज नगर में लूट के बाद हुई कंचन वर्मा की हत्या के बाद विलाप करते परिजन ।- फोटो : CITY OFFICE