नगर निगम में विरोध प्रदर्शन करते अर्बन कंपनी के कर्मचारी।
- फोटो : samvad
प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए मानदेय का नई दरों पर भुगतान न होने से नाराज नगर निगम की अर्बन कंपनी के सफाई कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को हड़ताल कर दी और प्रदर्शन किया। पहले वह नुमाइश मैदान में एकत्रित हुए फिर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद नगर निगम कार्यालय पहुंचकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की।
हालांकि बाद में उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी और काम पर वापस आ गए। नगर निगम में अर्बन कंपनी के करीब 1200 सफाई कर्मचारी हैं। करीब 200-250 से अधिक कर्मचारी पहले नुमाइश में एकत्रित हुए। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने एक ज्ञापन एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह को दिया।
इसके बाद वे नगर निगम के जवाहर भवन कार्यालय में पहुंचे। गेट के बाहर ही उन्होंने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर ऐसा करने से रोक लिया। इसके बाद वे नगर निगम परिसर में नारेबाजी करते हुए पहुंच गए। यहां वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक मजदूर को प्रतिदिन न्यूनतम 783 रुपये की मजदूरी देने का प्रावधान किया है, लेकिन उन्हें इसके अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा।
अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव ने कर्मचारियों को समझाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी और काम पर लाैट आए।
अर्बन कंपनी के कर्मचारियों को सरकार के नए नियम के अनुरूप अप्रैल माह का भुगतान किया गया है। अगर सरकार मानदेय में और बढ़ोतरी करेगी तो उसके अनुसार भुगतान कराया जाएगा। इस जानकारी के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी और काम पर वापस आ गए।
- प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त