अतरौली में प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Samvad
नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को नगर पालिका प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। कर्मचारियों ने ठेका और आउटसोर्स पर लगे कर्मियों को शासनादेश के अनुसार मजदूरी, बीमा, एरियर, वर्दी और सुरक्षा उपकरण देने की मांग उठाई। कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर परेशान हैं। लिखित समझौते भी हुए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मियों में रोष व्याप्त है।
कर्मियों ने कहा कि साप्ताहिक अवकाश के दिन कार्य करने की मजदूरी दी जाए। ठेका व आउटसोर्स पर लगे कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार मजदूरी व एरियर का भुगतान मिले। बीमा कराया जाए, मौसम के अनुसार वर्दी व सफाई उपकरण दिए जाएं। उन्हें स्वयं वर्दी और उपकरण खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए। वरिष्ठता के आधार पर सफाई नायक नियुक्त किए जाएं।
ड्यूटी समय सुबह पांच बजे की जगह छह बजे किया जाए क्योंकि महिला कर्मचारियों को बच्चे स्कूल भेजने होते हैं। कहा कि मांगें न मानी गईं तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, सीएम, पीएम व अन्य उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह, अशोक चौधरी, मुकेश कुमार, गौरव चौहान, मनोज कुंडेलवाल, संजय, छोटेलाल, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार, प्रमोद, संजीव आदि मौजूद रहे।