प्रतिमा क्षतिग्रस्त अंबेडकर पार्क में एकत्रित ग्रामीण
- फोटो : संवाद
गांव वाजिदपुर में 6 अगस्त रात डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की अंगुली तोड़ने के मामले में पुलिस ने विक्की चौहान और एक अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने बताया गांव के ही दिनेश के घर पर नामकरण संस्कार था। जिसमें शामिल होने आए थाना चंडौस के गांव चिमनपुर निवासी विक्की चौहान अपने एक अन्य साथी के साथ बुलेट से आंबेडकर पार्क पहुंचे और वहां शराब पी। उसके बाद प्रतिमा की अंगुली तोड़कर भाग गए। जीवाराम ने उसकी बुलेट का नंबर नोट कर लिया था। पंचायत घर में लगे सीसीटीवी दो महीने से बंद हैं वरना एक सबूत होता।
ग्रामीणों का आरोप कि प्रधान ने पंचायत घर में लगे इन्वर्टर की बैटरी तक को घर में रख लिया है। इधर, गांव पहुंचे आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष शिव सिंह ने कहा है कि पुलिस आरोपियों की तलाश नहीं कर पाई है। इधर, थाना प्रभारी उपेंद्र मलिक ने आरोपियों पर जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक नई प्रतिमा स्थापित नहीं होने देंगे। मामला दो अलग-अलग वर्गों का होने से क्षेत्र में तनाव है।