सोमवार को नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने अलीगढ़ में डीएम से मिलकर एनपीएस खाते में धनराशि न जमा किए जाने, संविदा सफाई कर्मियों का पीएफ न काटे जाने आदि की शिकायत की। इससे पहले डीएम को संबोधित ज्ञापन एसीएम द्वितीय को सौंपा।
उनके साथ मौजूद महर्षि वाल्मीकि सेना के प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विक्रम जीवनलाल वाल्मीकि ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के वेतन से हर माह काटी जा रही धनराशि उनके एनपीएस खाते में जमा नहीं की गई है।
इससे कर्मचारियों का नुकसान हो रहा है। एनपीएस जमा न होने से दो सफाई कर्मचारियों के निधन के बावजूद उनके परिवार को लाभ नहीं मिला, जबकि उनके वेतन से 10 प्रतिशत धनराशि काटी गई थी। इसकी जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों का पीएफ न काटे जाने, संविदा और स्थाई सफाई कर्मचारियों को सितंबर माह का वेतन नहीं देने की शिकायत की गई। कहा गया कि अक्तूबर माह में दो ग्रांट आई थी और 6 दिसंबर को भी शासन से 22 लाख रुपये नगर पंचायत को मिले हैं।
ज्ञापन देने वालों में अशोक करोतिया, राहुल करोतिया, संजय वाल्मीकि, रवि वाल्मीकि, अशोक वाल्मीकि, गौरव वाल्मीकि, मुकुल वाल्मीकि, गुड्डू वाल्मीकि, कंचनपाल, बादल राणा, बालकिशन वाल्मीकि
कोट...
उच्च न्यायालय के आदेश पर केवल सितंबर माह का भुगतान रोककर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का रुका भुगतान किया गया है। अक्तूबर और नवंबर माह का पूरा भुगतान कर दिया गया है। नगर पंचायत के मद में ज्यादा धन न होने से आउटसोर्सिंग के कुछ कर्मचारियों को हटाया गया है। डीएम के आदेशानुसार दिसंबर माह का भुगतान रोककर पहले सितंबर माह का रुका भुगतान दिया जाएगा।-बृजेंद्र कुमार, ईओ, खैर।