जौहर विवि पर हो रही कार्रवाई के विरोध में बीती 24 जुलाई को अलीगढ़ कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने के दौरान सपाइयों और पुलिस के बीच हुई खींचतान और इंस्पेक्टर द्वारा सर्विस पिस्टल निकालने का प्रकरण दिल्ली तक गूंज रहा है। सपाइयों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव को पूरा घटनाक्रम बताकर मदद मांगी है।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित आवास पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरा घटनाक्रम बताया। महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी एवं जिला महासचिव मनोज यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को घटनाक्रम, दर्ज एफआईआर तथा पार्टी का पक्ष विस्तार से बताया। कहा कि एफआईआर में लगाए गए आरोप वास्तविक घटनाक्रम से मेल नहीं खाते। इसलिए जांच आवश्यक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वह डीआईजी अलीगढ़ से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। इस दौरान छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट इमरान पठान, इरफान खान, शादाब जैदी आदि मौजूद रहे।
जौहर विवि पर कार्रवाई का विरोध
सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी के निर्देश पर जौहर विवि रामपुर पर हो रही कार्रवाई का विरोध किया गया है। जिलाध्यक्ष शहजाद अल्वी ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर विरोध किया।सपा नेता ख्वाजा हसन जिब्रान ने कहा कि जिस समाज की शिक्षा मजबूत होती है, वही आगे बढ़ता है। महानगर अध्यक्ष अनीश कुरैशी ने विद्यार्थियों से जुड़े हर निर्णय में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया।