फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साथा चीनी मिल: गायब हुई 1100 क्विंटल चीनी, बता दिया बंदर खा गए, आ रही 35.24 लाख के गबन की बू

Fri, 24 May 2024 04:20 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

साथा चीनी मिल से 1100 क्विंटल चीनी गायब पाई गई। चीनी मिल प्रबंधन से जुड़े अफसरों ने मिल के स्टॉक में रखी करीब 35 लाख की चीनी को बंदरों द्वारा चट कर जाने एवं बारिश में बहकर खराब हो जाने की बात कही है।
विज्ञापन
चीनी मिल में फैला हुआ पानी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ के साथा चीनी मिल में लाखों रुपये की करीब 1100 क्विंटल चीनी के घोटाले का मामला ऑडिट जांच में उजागर हुआ है। लेकिन, चीनी मिल प्रबंधन से जुड़े अफसरों ने मिल के स्टॉक में रखी करीब 35 लाख की चीनी को बंदरों द्वारा चट कर जाने एवं बारिश में बहकर खराब हो जाने का दावा किया है।

विज्ञापन


ऑडिट सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी विनोद कुमार सिंह द्वारा किया गया है। जिसमें 35.24 लाख की चीनी गायब कर देने एवं संस्था को नुकसान पहुंचाना सामने आया है।  इसके लिए मिल के प्रबंधक, लेखा अधिकारी समेत छह अफसरों व कर्मचारियों को दोषी मानते हुए गन्ना आयुक्त को कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है। हालांकि, मिल के स्टोर कीपर एवं अन्य कर्मचारी इस ऑडिट रिपोर्ट को हवा- हवाई बता रहे हैं।

इस पूरे प्रकरण में एमडी के निर्देश पर मिल प्रबंधन एवं डीएम स्तर से प्रशासनिक कमेटी गठित की जा रही है, जो हकीकत का पता करेगी। चीनी मिल की जिला लेखा परीक्षा अधिकारी, सहकारी समितियां एवं पंचायत लेखा परीक्षक ने पिछले दिनों 31 मार्च 2024 तक ऑडिट जांच की। जिसमें चीनी के अंतिम स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। 
विज्ञापन


एक अप्रैल से अक्तूबर 2023 तक चीनी के स्टॉक का मिलान होता पाया गया। इसके बाद फरवरी 2024 में चीनी का स्टॉक 1538.37 क्विंटल था जो मार्च में घटकर 401.37 क्विंटल ही रह गया। चीनी मिल के अफसरों व कर्मचारियों के अनुसार स्टॉक में रखी करीब 1137 क्विंटल सफेद चीनी को बंदरों ने खा लिया और कुछ चीनी मिल के स्टॉक रूम के जर्जर होने से बारिश में खराब हो गई। इतना ही नहीं मार्च का शेष दर्शित स्टॉक भी भौतिक सत्यापन के लिए नहीं मिला। 

लखनऊ तक मची खलबली 

लाखों कीमत की चीनी को बंदरों द्वारा चट कर जाने के प्रकरण में अलीगढ़ से लखनऊ तक खलबली मचा दी है। प्रदेश की सहकारी चीनी मिल के एमडी रमाकांत पांडेय ने इस पूरे प्रकरण को लेकर डीएम व साथा चीनी मिल के जीएम से वार्ता की है ।  जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। उधर, मिल के गोदाम का स्टॉक दुरूस्त करने में बुद्ध पूर्णिमा के अवकाश के दिन भी स्टाफ जुटा रहा। खास बात है कि सहकारी साथा चीनी मिल के पदेन सभापति डीएम होते हैं। हैरत की बात है कि साथा चीनी मिल के जीएम समेत अन्य स्टाफ ने मिल के बंद होने के बाद से यहां के स्टॉक व अन्य मामलों की जानकारी प्रशासन को नहीं दी है। 

शीरा में अनियमितताएं होने की आशंका, डीएम कराएंगे जांच
साथा चीनी मिल में चीनी गायब होने के साथ ही शीरा के रखरखाव में भी लापरवाही एवं बड़ी अनियमितताएं होने की आशंका है। चर्चा है कि मिल में स्टॉक के अनुसार शीरा उपलब्ध नहीं हैं। डीएम विशाख जी ने इस प्रकरण में शीरा की अलग से जांच कराने का भी निर्णय लिया है। डीएम ने आबकारी विभाग के अफसरों को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा है।

करीब 26 महीने से बंद है साथा चीनी मिल
अलीगढ़ जिले की एकमात्र साथा चीनी मिल पिछले करीब 26 महीने से बंद है। चीनी मिल को फिर से खड़ा करने के नाम पर करोड़ों रुपये पूर्व में ही खर्च हो चुके हैं। गन्ना किसान इस बार भी पेराई के लिए दूसरी चीनी मिलों पर निर्भर हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साथा चीनी मिल का नए सिरे से निर्माण कराने की घोषणा कर चुके हैं। मिल के लिए प्रशासनिक स्तर से नए सिरे से प्रस्ताव तैयार कराकर डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भेजी जा चुकी है। बस शासन स्तर से मंजूरी की घोषणा का इंतजार है।चीनी मिल निर्माण के लिए करीब 300 करोड़ रुपये की दरकार है, लेकिन अभी तक बजट जारी न होने से चीनी मिल बंद पड़ी हुई है। मिल की मरम्मत पर पिछले पांच साल में ही 5.70 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
विज्ञापन

गन्ना किसानों का हो रहा मोह भंग, घट रहा रकवा

अलीगढ़ में गन्ने का रकवा निरंतर घट रहा है। 17 वर्षों में गन्ने का रकबा पहले की तुलना में मात्र 25 फीसदी ही रह गया है। चीनी मिल के लंबे समय तक बंद होने से जिले के गन्ना किसानों का मोह गन्ना की खेती से हट रहा है। वर्ष 2015 में गन्ने का रकवा 10,735 हेक्टेयर था जो तीन साल बाद घटकर 7,500 हेक्टेयर ही गया। वर्ष 2019 में 6,100 हेक्टेयर, 2020 में 5,000 हेक्टेयर, 2021 में 4,700 हेक्टेयर रकवा ही रह गया। इस साल यह रकवा 4000 हेक्टेयर तक जा सिमटा है। रकवा घटने से गन्ने का उत्पादन भी कम हो रहा है। साथा चीनी मिल के ठप रहने के चलते पिछले पांच साल से जनपद में उत्पादित गन्ना साबितगढ़, कासगंज समेत अन्य चीनी मिलों के लिए भेजा जा रहा है।
ऑडिट टीम ने गेस्ट हाउस में बैठकर ही हवा-हवाई जांच कर ली है। जितनी चीनी कम बताई जा रही है, उतनी मात्रा में चीनी कम नहीं है। मिल के अंदर बने गोदाम के शटर टूटे हुए हैं, वहीं छत टूटी हुई है। छत में होकर पानी अंदर आ जाता है। बंदरों द्वारा करीब 538 क्विंटल चीनी को खा लिया गया है। इससे चीनी कम हुई है। ऑडिट टीम द्वारा जो 1100 क्विंटल चीनी कम बताई जा रही है, वह गलत है। बीते चार वर्षों में मिल की मरम्मत एवं रख-रखाव के लिए कोई भी बजट या भत्ता नहीं मिला है। इसके लिए कई बार शासन को पत्र भेजा जा चुका है। - गुलाब सिंह, स्टोर कीपर, साथा चीनी मिल 
मिल परिसर में बंदरों उत्पाद मचाते हैं। वर्ष 2020-21 से चीनी का उत्पादन नहीं हो रहा है। मिल की लंबे समय से मरम्मत भी नहीं हुई है। चीनी कैसे कम हुई हमें कुछ भी नहीं पता ? - महादेव बक्शी एवं जालिम सिंह, चीनी मिल कर्मचारी 
चीनी मिल से 1137 क्विंटल चीनी गायब हो जाने के प्रकरण में एमडी के स्तर से जांच कमेटी गठित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।-राहुल यादव, जीएम, साथा चीनी मिल
साथा चीनी मिल तीन साल से बंद है। मिल से चीनी गायब होने के प्रकरण में एमडी के स्तर से प्रशासनिक जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एक टीम गठित की जा रही है। जो मिल बंद होने के समय स्टॉक आदि की जांच करने के साथ ही पूरी हकीकत का पता लगाकर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके आधार पर ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। - विशाख जी, जिलाधिकारी 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें