फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रूखाला हादसा: दो और किशोरों ने तोड़ा दम, मरने वालों की संख्या हुई छह, गांव में हाहाकार

Tue, 18 Jun 2019 02:31 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अकराबाद (अलीगढ़)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

रविवार की रात करीब नौ बजे छर्रा-अतरौली मार्ग पर रूखाला में हुए हादसे में कुल मिलाकर अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। घटना होने के बाद चार मौतें, बाद में दो घायल किशोरों ने भी रविवार की मध्यरात्रि इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक एक ही परिवार से जुड़े हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद सभी छह शव गांव जिरौली हीरासिंह पहुंचे तो हर आंख छलक पड़ी। परिवार की महिलाओं और रिश्तेदारों की चीखें गांव में सांत्वना देने पहुंचे लोगों का कलेजा चीरने लगीं।

विज्ञापन


जिरौली हीरासिंह स्थित मोहल्ला मढ़ के निवासियों की ओर से चामुंडा देवी मंदिर में छह जून से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन कराया गया था। 13 जून को भागवत कथा का विश्राम हुआ था। 16 जून (रविवार) की देर शाम मढ़ मोहल्ले के सभी लोग अपने-अपने परिजनों के साथ दो ट्रैक्टर ट्राली से भागवत कथा के कलशों को गंगा नदी में विसर्जित करने और सोमवार को पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए नरौरा जा रहे थे। रात करीब नौ बजे छर्रा-अतरौली रोड पर गांव रूखाला के पास ट्रक ने एक ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी थी जिसमें चार महिलाओं राजबाला, शिव कुमारी, किशनप्यारी व रजनी देवी की रविवार को हादसे से कुछ घंटों में ही मौत हो गई थी जबकि मध्यरात्रि 14 वर्षीय अभिनव उर्फ रामू पुत्र पुरुषोत्तम व 15 वर्षीय रातेंद्र कुमार उर्फ गोलू पुत्र शीलेंद्र सिंह उर्फ शीलू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जिसने भी सुना वह दौड़ पड़ा
अकराबाद। सोमवार की सुबह समाचारपत्रों में हादसे की खबर पढ़ने और चर्चाएं सुनने के बाद आसपास गांवों के निवासियों के कदम गांव जिरौली हीरासिंह की ओर चल पड़े। पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब चार बजे सभी शव दो एंबुलेंस से गांव पहुंचे तो हर किसी का कलेजा भर आया। हर तरफ चीखपुकार मच गई। मृतकों के परिजनों का विलाप सुनकर लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े। विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, सपा के पूर्व विधायक ठा. राकेश सिंह, धनीपुर ब्लाक प्रमुख के पति ठा. तेजवीर सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ठा. राजेंद्र सिंह, भाजपा नेता स्वराज सिंह समेत तमाम क्षेत्रीय नेताओं ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया।
विज्ञापन


खेतों में हुआ शिवकुमारी व किशनप्यारी का अंतिम संस्कार
अकराबाद। शाम करीब पांच बजे शिवकुमारी और किशन प्यारी का परिजनों ने अपने-अपने खेतों में अंतिम संस्कार किया। शिवकुमारी के पति तुरसनपाल सिंह किसान हैं। उनके दो बेटे मनोज कुमार, विनोद कुमार व बेटियां बेबी और धर्मवती शादीशुदा हैं। किशनप्यारी के पति मदनपाल सिंह भी किसान हैं। उनके एक पुत्र मोनू और पांच बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं।

हंगरी से आएगा बेटा, तब होगा रजनी देवी का अंतिम संस्कार 
अकराबाद। हादसे में मृत रजनी देवी और राजबाला देवरानी-जेठानी हैं। रजनी देवी के पति योगेंद्रपाल सिंह किसान हैं। उनके दो बेटे योगेश कुमार व सुबोध कुमार हैं। दोनों शादीशुदा हैं। बड़ा बेटा योगेश नोएडा में प्राइवेट जॉब करता है जबकि छोटा बेटा सुबोध इंजीनियर है और इस समय हंगरी में है। सुबोध के हंगरी से आने का परिवार इंतजार कर रहा है। उनके आने के बाद ही मंगलवार को रजनी देवी और राजबाला के शवों का अंतिम संस्कार किए जाने की बात परिवार कह रहा है। राजबाला के पति शीलेंद्र सिंह किसान हैं। उनके दो बेटों में बड़े अमित कुमार की शादी हो चुकी है। वह अपने पत्नी, बच्चों के साथ नोएडा में रहते हैं। छोटा बेटा कान्हा गांव में ही रहता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें