सिकंदरपुर माछुआ में हंगामा के दौरान लगी भीड़
- फोटो : वीडियो ग्रैब
सिकंदरपुर माछुआ गांव में 29 जनवरी शाम निर्माणाधीन पंचायत घर की राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश की जा रही थी इसी दौरान तालानगरी क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर अपने कुछ साथियों संग वहां पहुंच गया, जिसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान जिपं सदस्य के पति द्वारा प्रधान पति और पूर्व प्रधान को गोली मारने की धमकी दी गई। इस मामले में प्रधान की ओर से तीन नामजदों समेत 24 अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दे दी गई है।
ग्राम प्रधान कल्पना देवी का कहना कि तीन माह पूर्व 19 अक्तूबर से पंचायत भवन का निर्माण राज्य सरकार के नाम दर्ज गाटा संख्या 148/222 के 768.9 वर्गमीटर जगह में चल रहा है, जोकि लगभग 50 प्रतिशत बन चुका है। इसी भूखंड में गांव के जाटव समाज के दुर्गाप्रसाद व कालीचरन पुत्रगण टीकाराम सहखातेदार है। जो चंद भूमाफियाओं के साथ मिलकर अपनी जमीन पूरी करने के बहाने पंचायत भवन के निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे है।
29 जनवरी शाम तहसील की टीम इस भूखंड की पैमाइश करने आई। इस बीच वहां क्षेत्र की एक जिपं सदस्य के पति सुखरावली और सपराभानपुर के हिस्ट्रीशीटर समेत 24 अज्ञात साथियों संग वहां पहुंच गए। धमकी देकर पंचायत भवन का काम रुकवाने लगे। जब उनके पति बंटी सिंह और पूर्व प्रधान सुशील कुमार ने विरोध किया तो जिपं सदस्य पति उग्र होकर हरदुआगंज आने पर गोली मार देने की धमकी देने लगे। जिसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया और टकराव के हालात बन गए लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीम ने बमुश्किल मामला शांत कराया।
इस मामले में जिपं सदस्य पति का कहना है कि उन्होंने किसी को कोई धमकी नही दी इस दौरान पुलिस प्रशासन भी मौके मौजूद था, यदि कोई साक्ष्य हो पुलिस को दिया जाए। वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष इफ्तार खां का कहना है कि प्रधान की ओर से तहरीर मिल गई है। आरोपों की जांच पड़ताल की जा रही है।