गांव मीरपुर की सहकारी समिति पर मंगलवार को किसानों ने डीएपी खाद के लिए हंगामा किया। किसानों का आरोप था कि टोकन मिलने के बाद भी उन्हें खाद वितरित नहीं की जा रही है। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। तब जाकर किसानों को कतार में लगाकर खाद कावितरण शुरू कराया गया।
किसानों का आरोप था कि समिति पर चहेतों को सबसे पहले खाद का वितरण किया जा रहा है, जबकि वह सुबह से भूखे प्यासे खाद के लिए लाइन में लगे हैं। यहां खाद वितरण की सूचना पर सुबह से ही किसानों की भीड़ लग गई थी। किसानों की कतार लग गई।
कहीं खाद खत्म नहीं हो जाए, यह सोचकर किसानों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। हर किसान का कहना था कि पहले उन्हें खाद दी जाए। स्थिति बिगड़ती देखकर समिति के सचिव ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और जैसे-तैसे हालात संभाले। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि सभी समिति के सचिवों को नियमानुसार खाद के वितरण के निर्देश दिए गए हैं।