श्री कृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास द्वारा चलाई जा रही श्री कृष्ण जन्मभूमि को शाही ईदगाह से मुक्त करने की मुहिम में अलीगढ़ से रूबी आसिफ जुड़ गई हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य देव मोरारी बापू ने उन्हें जिले में मुस्लिम विंग महिला प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बनाया है। उनका कहना है कि सरकार और कोर्ट के समर्थन से ही इस प्रकरण का निस्तारण होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि संगठन की पहली प्राथमिकता है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मंदिर भव्य बने। इसके लिए भारत के 22 संगठनों ने समर्थन दे दिया है। उप्र में अब तक 44 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा राजस्थान तथा अन्य राज्यों में भी कार्यकारिणी का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुस्लिम पक्ष को भी साथ लेकर चलना है। इसीलिए इस समुदाय के लोगों को भी जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, जिसके क्रम में रूबी आसिफ को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।