संघ ने युवाओं को सौंपी ब्रज की कमाननगेश शर्माअलीगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने ब्रज प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग (प्रशिक्षण शिविर) के बाद पदाधिकारियों और क्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया है। रविवार को कासगंज में हुई पदाधिकारियों की बैठक में हुए फैसले के अनुसार चार विभाग प्रचारक बदले गए हैं और तीन को यथावत रखा है। खास बात ये है कि प्रांत के सातों विभागों में युवा प्रचारक नियुक्त किए गए हैं, जिनकी उम्र 40 से कम है। बदलाव के अनुसार प्रशासनिक अलीगढ़ जिले को स्वतंत्र विभाग बनाया है। हाथरस जिले को अलीगढ़ विभाग से हटाकर मथुरा के साथ जोड़कर मथुरा को नया विभाग बनाया है। बदायूं विभाग को समाप्त कर बरेली से जोड़ दिया गया है। अलीगढ़ के विभाग प्रचारक उमाकांत को बरेली का विभाग प्रचारक बनाया गया है। इसी तरह हाथरस के जिला प्रचारक आनंद कुमार को अलीगढ़ का विभाग प्रचारक बनाया गया है। मथुरा के जिला प्रचारक धर्मेंद्र कुमार को वहीं का विभाग प्रचारक बनाया गया है। फीरोजाबाद के विभाग प्रचारक अनुज कुमार को हटाकर झारखंड से बुलाकर भारतेंद्र कुमार को वहां का विभाग प्रचारक बनाया गया है। आगरा के विभाग प्रचारक हरीशंकर, शाहजहांपुर के विभाग प्रचारक दिनेश लवानिया और एटा के विभाग प्रचारक धर्मेंद्र कुमार की जिम्मेदारी नहीं बदली गई है। बरेली के महानगर प्रचारक प्रमोद कुमार को हाथरस का जिला प्रचारक बनाया गया है। बदायूं के विभाग प्रचारक मुनीश कुमार को प्रांत का सह शारीरिक प्रमुख बनाया गया है। इसी तरह बुलंदशहर के विभाग प्रचारक प्रदीप कुमार को प्रांत प्रचार प्रमुख बनाया गया है, जिनका केंद्र आगरा प्रांत मुख्यालय रहेगा। प्रांत कार्यालय प्रमुख कीर्ति कुमार को बरेली का सह विभाग प्रचारक बनाया गया है। फीरोजाबाद के विभाग प्रचारक अनुज कुमार को प्रांत घोष प्रमुख नियुक्त किया गया है। - शिकोहाबाद में हुए संघ शिक्षा वर्ग के बाद कासगंज में हुई वार्षिक बैठक के तहत जिम्मेदारियों में परिवर्तन किए गए हैं। 15 नए विस्तारक निकाले गए हैं जो संघ की योजना के विभिन्न स्थानों पर कार्य करेंगे। इस बार प्रांत में प्रचारकों की युवा टीम है। - दिनेश कुमार, ब्रज प्रांत प्रचारक