नगर निगम में नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर रोविन्स कुमार और महामंत्री प
- फोटो : CITY OFFICE
कांटे की टक्कर में रोविंस कुमार ने संजय सक्सेना को 16 मतों से पराजित कर नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। महामंत्री पद पर विजय कुमार ने मानवेंद्र सिंह बघेल को पांच मतों से पराजित किया है। चुनाव में 96.32 प्रतिशत मतदान हुआ।
नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के चुनाव में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। 408 मतदाताओं में से 393 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद पर रोविंस कुमार (चुनाव चिन्ह मोटरसाइकिल) को 155 और संजय सक्सेना (उगता सूरज) को 139 मत मिले। जबकि चक्रवर्ती दत्त शर्मा को 60 और हाकिम सिंह को 31 मत मिले। छह मत निरस्त हो गए। महामंत्री पद पर विजय कुमार (कार) को 168 एवं मानवेंद्र सिंह बघेल (छाता) को 163 मत मिले।
चंद्रभान शर्मा को 57 मत पर संतोष करना पड़ा। दो मत निरस्त हुए। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद रोविंस एवं विजय के समर्थकों ने ढोल बजाकर एवं माला पहनाकर खुशी का इजहार किया। रोविंस एवं विजय कुमार ने कहा कि वह कर्मचारी हित के लिए कार्य करेंगे। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री बिल्लू चौहान ने रोविंस एवं विजय कुमार को बधाई दी।
चुनाव में पहली बार नगर आयुक्त ने किया मतदान
नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के चुनाव में नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मतदान किया। मतदान के दौरान नगर आयुक्त ने इस बात की भी जांच-पड़ताल की कि मतदान के बाद मतदाता की गोपनीय तो भंग नहीं होगी। खास बात यह है कि संघ के चुनाव इतिहास में पहली बार नगर आयुक्त ने मतदान किया है। नगर आयुक्त संघ के सदस्य होते हैं लेकिन आज तक किसी ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया था।