घटनाक्रम दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के आसपास का है। हाथरस कोतवाली शहर के चामड़ गेट निवासी पीतल कारोबारी नितिन अग्रवाल का नगला भुस निवासी मुनीम दीपक बाइक पर 10.40 लाख रुपये बैग में रखकर मथुरा जा रहा था। यह रुपया उसे मथुरा में किसी पार्टी को देना था। दीपक के अनुसार जब वह गोरई क्षेत्र में साथिनी के करीब पहुंचा। तभी पीछे से आई काले रंग की स्कार्पियो सवार चार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। लात मारकर उसकी बाइक गिरा दी। फिर उसका मोबाइल व बाइक में फंसा रुपयों का बैग लेकर भाग गए।
बदमाशों के जाने के बाद दीपक ने शोर मचाते हुए राहगीरों की मदद से यह सूचना अपने मालिक व पुलिस को दी। खबर पर एसपी देहात, सीओ इगलास के साथ-साथ गोरई व इगलास पुलिस भी पहुंच गई। घटना से पहले व बाद में काफी देर तक हाईवे पर दोनों ओर सीसीटीवी देखने के बाद पुलिस ने मुनीम की भूमिका संदिग्ध मानते हुए उससे पूछताछ शुरू कर दी है। एक टीम को हाईवे पर हाथरस से लेकर मथुरा तक व उसके सभी सर्विस व लिंक मार्गों पर सीसीटीवी देखने के लिए लगाया गया है।
हाथरस के व्यापारी के मुनीम ने अपने साथ स्कार्पियो सवारों द्वारा 10.40 लाख की लूट की सूचना दी थी। अब तक की जांच व सीसीटीवी से लूट के समय के आसपास स्कार्पियो या किसी अन्य कार के आने जाने के साक्ष्य नहीं मिले। इसलिए दीपक की भूमिका पर संदेह है। घटना में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द सही खुलासा किया जाएगा। -अमृत जैन, एसपी देहात