अतरौली के रामघाट रोड पर बुधवार रात करीब 10 बजे पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश हुई। बदमाश ने पेट्रोल पंप कर्मी से 50 हजार रुपये मांगे। विरोध करने पर फायरिंग कर दी, जिससे कर्मचारी देवीशरण के पैर में छर्रा लगा और वह घायल हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह पेट्रोल पंप पूर्व चेयरमैन दिवंगत विनोद गुप्ता के बेटे प्रशांत गुप्ता उर्फ गोलू का है। घटना के समय पंप पर कर्मचारी देवीशरण के अलावा अन्य चार सेल्समैन मौजूद थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 9.45 बजे बाइक पर एक बदमाश आया। उसने अपनी बाइक पेट्रोल पंप के बराबर से सिंचाई विभाग के कार्यालय की ओर जा रही रोड पर खड़ी कर दी। वहां करीब 10 मिनट तक रेकी करता रहा और मौका देखकर पैदल ही पेट्रोल पंप पर पहुंचा।
युवक को पैदल अपनी ओर आते देख कर्मचारी को कुछ शक हो गया और वह सतर्क हो गया। बदमाश ने पंप पर पहुंचते ही धमकाने के अंदाज में कर्मचारी से 50 हजार रुपये मांगे। इससे पहले कि कर्मचारी कुछ कह पाता, बदमाश ने तमंचा निकाल लिया। इस पर सेल्समैन ने पास ही पड़ा डंडा उठा लिया और बदमाश का शोर मचाते हुए उसकी ओर डंडा फेंका। इसी दौरान बदमाश ने फायर कर दिया जिसका छर्रा देवीशरण के पैर में लगा।
फायरिंग होते ही अन्य कर्मचारी और पास के ढाबे के लोग भागकर पहुंचे लेकिन बदमाश अपनी बाइक लेकर भाग निकला। पास ही मौजूद पीआरवी ने भी बदमाश का पीछा किया लेकिन वह अवंतीबाई चौराहा की ओर से घूमकर अलीगढ़ की ओर भाग निकला। सूचना पर पेट्रोल पंप स्वामी प्रशांत गुप्ता सहित कोतवाल सुरेंद्र पांडेय भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। घायल देवीशरण का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया।
कर्मचारी ने कहा कि बदमाश ने बाइक जानबूझकर रास्ते पर बाइक खड़ी की थी ताकि कैश लूटकर आसानी से भाग सके। सीओ का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।