फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एएमयू बवाल में आरोपी छात्र नेता के घर दिनदहाड़े लूटपाट

विज्ञापन
जमालपुर हमर्दद नगर ए स्थित मकान से सामान चोरी कर लेता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
महानगर में सक्रिय बदमाशों की धमाचौकड़ी थम नहीं रही। बुधवार को दिनदहाड़े सिविल लाइंस के जमालपुर इलाके में एएमयू बवाल में आरोपी छात्र नेता आरिफ त्यागी के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया और घर में अकेले छोटे भाई को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए कीमती जेवरात व 80 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए। घंटों बाद कोचिंग से घर लौटी बहनों को जब घटना की जानकारी हुई तो परिजनों व पुलिस को खबर दी गई। आनन-फानन पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

जमालपुर निवासी आरिफ त्यागी पुत्र चमन खां एएमयू में सक्रिय छात्र नेता हैं। 15 दिसंबर के बवाल में पुलिस की ओर से मुकदमों में आरोपी हैं। आरिफ के पिता की जमालपुर में ही कपड़ों की दुकान है। आरिफ के अनुसार बुधवार को पिता सुबह से ही रोजाना की तरह दुकान पर थे। वह कैंपस में आ गया था। दोपहर में उसकी मां नजमा बेगम आधार कार्ड दुरुस्त कराने गईं थी, जबकि दोपहर में छोटी बहनें अनम व इरम कोचिंग करने चली गई थीं। इस दौरान घर में अकेला मौजूद 14 वर्षीय भाई अनिम त्यागी टीवी देख रहा था। इस दौरान भूलवश घर का मैन गेट खुला रह गया था। घटना 3 बजे से 5 बजे के मध्य है। इसी बीच तीन-चार बदमाश घर के अंदर घुस आए और टीवी देख रहे अनिम को पीछे से दबोचकर पहले उसकी आंखों पर पट्टी बांधी, मुंह में कपड़ा ठूंसा और दुपट्टे से हाथ बांधकर बैड पर डाल दिया।
इस दौरान एक बदमाश तो उसे पीटता रहा और घर में रखे माल की जानकारी मांगता रहा, जबकि बाकी बदमाश घर की तलाशी लेते रहे। इस दौरान बैड की तलाशी लेने के इरादे से उसे कमरे से बाहर बरामदे में लाकर फेंक दिया और फिर बैड मे नीचे रखे 80 हजार रुपये नकद, कीमती जेवरात आदि ले गए। बदमाशों ने बर्तन भी एकत्रित कर लिए थे, मगर उन्हें ले नहीं जा सके। जाते समय बदमाश दरवाजा बाहर से बंद कर गए। पांच बजे जब उसकी बहनें घर पहुंचीं तो बाहर से दरवाजा बंद देख हैरान हुईं।
विज्ञापन

अंदर पहुंचने पर भाई को आंगन में बंधा पड़ा देखा तो उनकी चीख निकल गई। बाद में माजरा समझ भाई व पुलिस को सूचना दी। खबर पर सीओ तृतीय अनिल समानिया, इंस्पेक्टर अमित कुमार व एसओजी आदि पहुंच गई। इधर, मारपीट में घायल अनिम को मेडिकल भेजा गया, जहां उसका इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। पुलिस को आसपास कोई सीसीटीवी भी नहीं मिला है। इंस्पेक्टर अमित कुमार के अनुसार अनिम द्वारा दिए गए बयान के मुताबिक बदमाश दो या तीन रहे होंगे। उसने आंखें बंध जाने के कारण किसी को देखा नहीं। बस उनकी बातचीत सुनी। उसी से अनुमान लगा रहा है। परिजन अभी गए माल की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। माल को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं। कभी कहते हैं कुछ नहीं गया, कभी कुछ कहते हैं। कभी कहते हैं कि बाद में बताएंगे। फिलहाल उन्होंने लूट की तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बदमाशों की बातों से संख्या का लगाया अनुमान
अनिम ने बताया कि उसने बदमाशों को देखा नहीं, मगर उसने उनकी बातचीत से अनुमान लगाया है कि वह तीन या चार रहे होंगे। एक बदमाश तो उसके पास ही मौजूद रहा। बाकी दो तीन घर की तलाशी लेने में व्यस्त रहे।
कैसे पता चला कि अनिम अकेला है
बदमाशों को दोपहर में यह कैसे पता चला कि अनिम घर में अकेला है। इस सवाल पर पुलिस काम कर रही है। अंदेशा है कि बदमाश आसपास के ही होंगे। या वह पहले से रैकी कर रहे होंगे। उन्हें बैड में 80 हजार रुपये रखे होने की जानकारी कैसे हुई। इन सवालों के जवाब भी बदमाशों की गिरफ्तारी पर मिलेंगे।
होटल संचालक के घर वारदात में बदमाशों के फुटेज जारी
दिनदहाड़े साईं होटल संचालक के घर लूटपाट के इरादे से घुसे पांच अज्ञात लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस को सीसीटीवी हत्थे लग गए हैं। पुलिस ने यह सीसीटीवी फुटेज लोगों को वायरल करते हुए उनको पहचानने व पकड़वाने में मदद मांगी है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार लूटपाट के बाद निकले बदमाश पैदल तहसील की ओर जा रहे हैं। उन्हें परिवार की महिलाओं ने पहचाना है। अब पुलिस उनकी शिनाख्त की कोशिश में जुट गई है।
साईं होटल संचालक प्रीतम दास जेल रोड पर मेहर पैलेस के बराबर गली में रहते हैं। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके घर चार हथियार बंद बदमाश घर में घुस आए और महिलाओं को हथियार दिखाकर कब्जे में ले लिया। हालांकि, एक महिला के शोर मचाने और एक कुत्ते के धावा बोलने से बदमाश घबरा गए और फायरिंग करते हुए बिना लूटपाट किए भाग गए। जैसे ही वे घर के बाहर निकले उन्होंने अपने नकाब खोल दिए। उनके गली से निकलकर तहसील की ओर जाते के फुटेज सीसीटीवी में कैद हुए हैं। इंस्पेक्टर बन्नादेवी रविंद्र दुबे के अनुसार मामले में उन बदमाशों की पहचान कराने की कवायद जादी है।
लेखपाल के घर चोरी कर भागता बदमाश सीसीटीवी में कैद
महानगर के सिविल लाइंस की जमालपुर हमदर्द नगर निवासी लेखपाल शाहिद हुसैन के घर तीन जनवरी की सुबह हुई चोरी की घटना में चोरी के बाद घर से निकलकर भागता बदमाश सीसीटीवी में कैद हुआ है। बदमाश बैग लेकर तेजी से भाग रहा है, जिसके हाथ में लगे बैग को देखकर लेखपाल व उनके परिवार ने उसे पहचान लिया है। यह सीसीटीवी खुद लेखपाल ने पुलिस को मुहैया करा दिया है। मगर अभी तक पुलिस पकड़ पाने में सफल नहीं हुई है। बता दें कि वह नमाज अदा करने गए थे। पत्नी बच्चे घर पर सो रहे थे। उसी वक्त मौके का फायदा उठा कर कुछ चोर घर में घुस गए। इस बीच चोर पत्नी का पर्स ले गए। जिसमें सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी, झुमकी, टॉप्स और तीन हजार रुपये सहित कुछ जरूरी कागजात थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें