जेवर से गौतमबुद्ध नगर के लिए कार बुक कराकर ले गए बदमाशों ने कार चालक को गन प्वाइंट पर लेकर कार लूट ली और यहां क्वार्सी के नगला पटवारी इलाके में बेहोशी हालत में फेंक गए। इस दौरान बदमाश उससे कार के साथ-साथ मोबाइल, पर्स आदि भी लूट ले गए। मामले में नगला पटवारी चौकी पर शिकायत न लिए जाने पर कार मालिक सोमवार को एसएसपी से मिले।
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक कॉलोनी निवासी आदित्य नारायण चतुर्वेदी ने एसएसपी मुनिराज जी को बताया कि 12 अगस्त को छह लोगों ने उनकी कार जेवर से गौतमबुद्ध नगर जाने के लिए बुक की थी। रास्ते में बदमाशों ने चालक मोनू के साथ मारपीट की और उसे नगला पटवारी क्षेत्र में मारपीट कर फेंक गए। मामले में नगला पटवारी चौकी पर शिकायत करने पर पुलिस ने उन्हें नोएडा भेज दिया। पिछले चार दिन से वह नोएडा में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घूम रहे थे। वहां से वापस अलीगढ़ भेज कर मुकदमा दर्ज कराने को कहा गया है। एसएसपी ने प्रकरण में जांच और कार्रवाई की बात कही है। साथ में इंस्पेक्टर क्वार्सी को निर्देश दिए हैं।