सादाबाद की सुभाष गली में हुआ जलभराव। संवाद
- फोटो : samvad
क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह करीब एक घंटे तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश ने लोगों को गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन किसानों की परेशानी बढ़ा दी। सड़कों पर हुई जलभराव के साथ खेतों में पानी गया। इन दिनों किसानों ने बाजरा की पकी फसल को काटकर खेत में सूखने के लिए डाल रखा है। बारिश के पानी में उनकी पूरी फसल भीग गई।
खेतों में कटी पड़ी बाजरा की फसल में पानी भर गया, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीर खिंच गईं। किसानों को आशंका है कि बारिश से कहीं बाजरा की बांलें खराब न हो जाएं।
तेज बारिश से हुआ जलभराव
तेज बारिश की वजह से नगर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। नगर की सुभाष गली, जयंती भाई मार्ग, आनंद नगर, आगरा चुंगी, मुरसान रोड सहित कई जगहों पर नाले नालियों से उफना पानी सड़क पर भर गया। जयंती भाई मार्ग पर दुकानदार बारिश के पानी को दुकानों में जाने से रोकने के प्रयास करते नजर आए। सुभाष गली में बारिश का पानी नाले नालियांे से उफनता हुआ सड़क और घरों में घुस गया। पैदल राहगीरों व वाहन चालकों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।