गौमत-बाजना मार्ग पर करीब तीन माह से मुख्य सड़क पर जलभराव है। पानी भरा होने से राहगीरों की मुश्किल बढ़ गई है। गौमत चौराहे से करीब 100 मीटर दूर यह समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के लोगों के अनुसार आए दिन दोपहिया वाहन चालक पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह मार्ग खैर से मथुरा-वृंदावन जाने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां से गुजरते हैं। पिछले माह देव छठ मेले में आने वाले लोगों को भी जलभराव से होकर निकलना पड़ा था स्थानीय दुकानदार ललित और शिवम तोमर ने बताया कि बारिश के बाद सड़क किनारे की नालियां चोक हो गई हैं। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पानी जमा है। दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों ने जल्द समस्या दूर करने की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता रजनीश कुमार ने बताया कि दोनों तरफ नाली निर्माण और जलभराव वाले स्थान पर सीसी निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।