अलीगढ़ के सूत मिल से गांव भांकरी तक सात किमी लंबी सड़क जर्जर हो चुकी है। स्थिति यह है कि वाहन हिचकोले खाते हुए चलते हैं। बारिश में जलभराव हो जाता है। लोगों की समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग 67 करोड़ से इस सड़क को बनवाएगा। अफसरों ने दावा किया है कि बारिश के बाद सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
सारसौल स्थित सूत मिल से लेकर भांकरी गांव तक की सड़क काफी खराब है। इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन ज्यादा रहता है। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने को लेकर कई बार अधिकारियों से मांग की। लोगों की परेशानियों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क के निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। सड़क पर जहां जलभराव होता है, वहां सीमेंटेड और बाकी डामर की सड़क बनेगी। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि 67 करोड़ रुपये से सूत मिल से लेकर गांव भाकरी तक सड़क बनाई जाएगी।
सड़क बनने से हम लोगों को सुविधा मिलेगी। सड़क खराब होने से दिक्कतें होती हैं। - विशाल वर्मा, स्थानीय निवासी
सड़क की दशा ठीक नहीं है। अब नई सड़क बनने की बात सामने आ रही है, अच्छा है। - राहुल तिवारी, स्थानीय निवासी
सुन तो रहा था कि सड़क बनने वाली है, जब बन जाएगी तो लोगों को बड़ा लाभ होगा - बिननामी सिंह, स्थानीय निवासी
खराब सड़क और जलभराव से परेशानी होती है। सड़क बनने से इन दिक्कतों से निजात मिलेगी। - जावेद, स्थानीय निवासी