मंडलायुक्त नवदीप रिणवा ने कहा है कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल सड़क हादसों के बढ़ते ग्राफ में कमी आएगी बल्कि हम सुरक्षित घर भी पहुंच सकेंगे। मंडलायुक्त शनिवार को खैर रोड स्थित रेडियंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल में सड़क सुरक्षा माह के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जागरुकता माह का उद्देश्य जनसामान्य में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि सभी लोग सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी तो रखते हैं, परंतु उनका पालन नहीं करते हैं। जिसके कारण दुर्घटनाऐं होती हैं।
उन्होंने कहा कि 84 प्रतिशत दुर्घटनाओं का यही प्रमुख कारण है। संचालन विक्रम वेदी ने किया। स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क हादसों से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरुक करने को चित्रकला, लेखन आदि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले एवं विजेता छात्र-छात्राओं, दुर्घटना रहित वाहन संचालन करने एवं घायलों का उपचार करने वाले चिकित्सकों एवं स्टाफ के अलावा यातायात कर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर एसपी यातायात मुकेश चंद्र उत्तम, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन हरिशंकर सिंह, प्रवर्तन फरीदउद्दीन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अमिताभ चतुर्वेदी, स्कूल के निदेशक महक सिंघल, प्रधानाचार्य मंजू राठी, दीप्ति भारद्वाज आदि का सहयोग रहा।
सड़क हादसों में जान बचाने वाले लखनऊ में सम्मानित
लखनऊ के राजभवन में आयोजित हुए समारोह में जिले में सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने वाले गुड सेमरिटन (नेक आदमी) के रूप में कस्बा जवां के अमन अग्रवाल को दस हजार एवं जुनैद निवासी जमालपुर -हमदर्द नगर को पांच हजार रुपये नकद का पुरस्कार परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने दिया।