यूपी के इटावा में सोमवार तड़के नेशनल हाईवे पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। इकदिल थाना इलाके के अंतर्गत ग्राम जगमोहनपुर के पास दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और चालक के दोनों पैर कट गए। अस्पताल ले जाते समय चालक ने दम तोड़ दिया, जबकि बस में सवार 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे आगे जा रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
घटना के आधे घंटे बाद पहुंची इकदिल पुलिस
चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी अभय नारायण, इकदिल थाना पुलिस और फ्रेंड्स कॉलोनी टीएसआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे चालक और घायलों को बाहर निकाला।
हादसा बेहद दुखद है। चालक के दोनों पैर मौके पर ही अलग हो गए थे। उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बस में सवार करीब 6 यात्री इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह हुए इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर सुचारू कराया।