सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : KHAR
खैर में टैटीगांव रोड पर पलाचांद के निकट अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार महिला व किशोरी उछलकर सड़क किनारे एक पेड़ पर जाकर लटक गए। इससे बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई जबकि उसकी बाइक पर मौजूद मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कार में पुलिस को बीयर व शराब की बोतलें मिली हैं।
पिसावा क्षेत्र के गांव शादीपुर निवासी नौरंगी की पत्नी विमलेश देवी के भाई कन्हैया निवासी जयसी नगला (मथुरा) के पुत्र भानू का सोमवार को कुंआ पूजन का कार्यक्रम था। उसमें शामिल होने के लिए विमलेश अपनी नातिन प्राची (12) पुत्री नीरज को लेकर चार पांच दिन पहले गांव जयसी नगला गई थीं। सोमवार की सुबह शादीपुर से नीरज व उसका भाई जितेंद्र भी कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल हुआ। इसके बाद यह चारों एक ही बाइक पर शादीपुर लौट रहे थे। नीरज बाइक चला रहा था। टैटीगांव रोड पर गांव पलाचांद के समीप एक ईंट भट्ठा के सामने खैर की ओर से जा रही अनियंत्रित कार ने सामने से बाइक में टक्कर मारी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर पीछे बैठी विमलेश देवी व प्राची झटका लगने से एक पेड़ पर लटक गईं। प्राची का एक पैर और नीरज का एक हाथ बिल्कुल अलग हो गया। चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। पुलिस भी सूचना पर पहुंच गई। विमलेश देवी व प्राची को पेड़ से नीचे उतारा गया। चारों घायलों को सीएचसी ले जाया गया जहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही जितेंद्र व प्राची की मौत हो गई। वहीं गंभीर घायल नीरज व विमलेश देवी को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
जेएन मेडिकल कॉलेज में तड़पते रहे घायल
विमलेश देवी के परिवार वालों के अनुसार घंटों बाद भी जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने घायल विमलेश और नीरज को नहीं देखा। परिवार वालों की सुनवाई नहीं हो रही। रेफर करने के लिए उनसे कहा गया लेकिन लॉकडाउन में निजी अस्पताल बंद होने से परिवार वाले परेशान थे। मृत जितेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। गलिया बिजना टप्पल में उसका हेयर सैलून था। वहीं नीरज की पुत्री प्राची दो बहन और एक भाई में सबसे बड़ी थी। हादसे से परिवार में हाहाकार मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नशे में धुत था कार चालक
बाइक में टक्कर मारने वाले कार चालक को पुलिस ने पकड़कर थाने में बिठा रखा है। पुलिस के अनुसार कार में बीयर और शराब की बोतलें भरी हुई थीं। चालक भी काफी नशे में बताया गया है। पुलिस ने कार व बाइक को कब्जे में ले लिया है।