विलाप करते मृतक दोनों भाइयों के परिजन।
- फोटो : GANGIRI
थाना दादों के गांव नगला लालजीत में बृहस्पतिवार की शाम दो बाइकों की टक्कर में गंभीर रूप से घायल सगे भाइयों ने जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उधर पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव शुक्रवार को गांव सिकंद्रपुर पहुंचे तो पूरे गांव में मातम पसर गया। गांव के एक भी घर में चूल्हा तक नहीं जला। हर कोई गमगीन है।
बृहस्पतिवार की शाम दो बाइकों की टक्कर में 22 वर्षीय रजनेश व 18 वर्षीय अभिषेक पुत्रगण श्रीनिवास निवासी गांव सिकंद्रपुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे जबकि दूसरी बाइक में मौजूद शहबाज निवासी गांव आलमपुर की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था जहां इलाज के दौरान दोनों भाइयों की मौत हो गई।
परिवार वालों के अनुसार छह माह पहले ही रजनेश की शादी हुई थी। दिल्ली में बाइक मिस्त्री का काम सीखने के बाद उसने दो दिन पहले ही गांव वाजिदपुर में बाइक मरम्मत की अपनी दुकान खोली थी। चार भाइयों में रजनेश दूसरे नंबर का था जबकि अभिषेक सबसे छोटा था। अभिषेक दसवीं कक्षा में पढ़ रहा था।