गांधीपार्क क्षेत्र में जीटी रोड स्थित धनीपुर हवाई पट्टी के पास रविवार सुबह कोहरे के चलते कैंटर व निजी बस में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कैंटर चालक समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया।
कासगंज सोरों निवासी वीरेंद्र सिंह अपनी पत्नी मीना देवी के साथ शनिवार को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार बहू खुशबू के पास गए थे। वह वहां बेटा संजीव के साथ रहती है। रविवार को वहां से वे बहू व उसके बच्चे को लेकर निजी बस में वापस कासगंज जा रहे थे। सुबह बस धनीपुर हवाई पट्टी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही कैंटर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कैंटर चालक विकास यादव निवासी माधवगंज हरदोई के अलावा वीरेंद्र, उनकी पत्नी व बहू आदि जख्मी हो गए। खबर पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया।
छर्रा अड्डा पर हादसे में मृत महिला की पहचान हुई
महानगर के गांधीपार्क क्षेत्र में छर्रा अड्डा के पास शनिवार को रोडवेज बस की चपेट में आकर मृत महिला की पहचान हो गई है। सासनीगेट के भगवान नगर गली नंबर पांच निवासी संजय कुमार की पत्नी ममता दवा लेने नौरंगाबाद गई थी। वह जब घर नहीं पहुंची तो परिवार वाले सासनी गेट पहुंचे, जहां पुलिस ने हुलिया के आधार पर हादसे में मृत महिला की जानकारी दी। इस पर परिवार के लोग पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचे, जहां उसकी पहचान ममता के रूप में कर ली। इसके बाद से परिवार का हाल बेहाल है।