राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) अलीगढ़ ने फिलहाल मंडल के महाविद्यालयों में 33 फीसदी सीटों की बढ़ोत्तरी न करने का फैसला लिया है। मंडल के अलीगढ़, एटा, कासगंज व हाथरस के संबद्ध करीब 390 महाविद्यालयों में 33 फीसदी सीटें नहीं बढ़ेंगी। जब मंडल के महाविद्यालय डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से संबद्ध थे, तब छात्रों के आंदोलन के बाद डीएस कॉलेज, एसवी कॉलेज, टीआर कन्या महाविद्यालय में 33 फीसदी सीटें बढ़ गईं थीं। इस बार मंडल के महाविद्यालय आरएमपीयू से संबद्ध हो गए हैं। शैक्षिक सत्र शुरू होने के बाद छात्र नेताओं ने 33 फीसदी सीट की बढ़ोत्तरी को लेकर आंदोलन और प्राचार्य का घेराव तक किया, लेकिन आरएमपीयू के कुलसचिव महेश कुमार ने दो टूक कहा, इस बार 33 फीसदी बढ़ाने का बिल्कुल इरादा नहीं है, क्योंकि अभी वित्त विहीन महाविद्यालयों में सीटें खाली हैं। अगर शासन से अनुमति मिल जाती है, तो सीटें जरूर बढ़ेंगी।