राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) अलीगढ़ को 15 फीसदी कर्मचारियों के पद डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा देने के लिए तैयार हो गया है।
बृहस्पतिवार को लखनऊ में राजभवन में अपर प्रमुख सचिव (राज्यपाल) महेश कुमार गुप्ता ने आरएमपीयू के कुलपति प्रो. चंद्रशेखर व आगरा विश्वविद्यालय के सह कुलपति के साथ बैठक की। करीब एक घंटे तक चली बैठक में निर्माणाधीन आरएमपीयू और उनमें कर्मचारियों की तैनाती को लेकर बातचीत हुई, जिसमें आगरा विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरएमपीयू को 15 फीसदी तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पद देने की हामी भर दी है। आगरा विश्वविद्यालय में तृतीय श्रेणी कर्मचारी के 254 पद सृजित हैं, उनमें 146 कार्यरत हैं, जबकि 108 पद खाली हैं। इसी तरह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 351 पद सृजित हैं, उनमें 215 कार्यरत हैं, जबकि 136 रिक्त हैं। इन सृजित पदों में से 15 फीसदी कर्मचारियों के पद आरएमपीयू को मिलेंगे।
आरएमपीयू में अलीगढ़, कासगंज, हाथरस व एटा में 408 महाविद्यालय हैं, जबकि डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा में 649 महाविद्यालय हैं। हालांकि, आरएमपीयू प्रशासन लगातार कर्मचारियों की कमी की बात कह रहा था। आरएमपीयू के कुलसचिव महेश कुमार ने बताया कि बैठक काफी सारगर्भित रही।