नौ अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के 14वें संस्करण में इस बार अलीगढ़ का प्रतिनिधित्व नहीं होगा, क्योंकि चोट लगने से कोलकाता नाइटराइडर्स के सदस्य रिंकू सिंह आईपीएल से बाहर हो गए हैं। इससे कोच सहित क्रिकेट प्रेमियों को धक्का पहुंचा है।
आईपीएल-10वें संस्करण में रिंकू को पहली बार पंजाब किंग्स इलेवन ने 10 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला। अगले साल उन्हें कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने 80 लाख रुपये में खरीदा। इसके बाद आईपीएल-12, 13 व 14 में रिटेन भी किया। मगर आईपीएल शुरू होने से पहले रिंकू को चोट लग गई, जिससे वह आईपीएल नहीं खेल सकेंगे।
जिस टूर्नामेंट से आईपीएल में आए, उसी से हुए बाहर
इसे महज एक इत्तेफाक ही कहेंगे, जिस विजय हजारे ट्रॉफी-2017-18 में शानदार बल्लेबाजी के बूते रिंकू सिंह को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 80 लाख रुपये में खरीदा था। उसी विजय हजारे ट्रॉफी-2020-21 में रन लेते समय रिंकू सिंह के पैर में चोट लग गई, जिसका मुंबई में ऑपरेशन हुआ। डॉक्टरों ने रिंकू को पांच महीने के लिए आराम करने को कहा है। इन दिनों रिंकू क्रिकेट से दूर हैं।
आईपीएल का सफर
वर्ष टीम रुपये
2017 पंजाब किंग्स इलेवन 10 लाख
2018 केकेआर 80 लाख रुपये
2019 केकेआर रिटेन
2020 केकेआर रिटेन
2021 केकेआर रिटेन
व्यक्तिगत रूप से मुझे रिंकू के आईपीएल में न खेल पाने से करारा धक्का लगा है। शीघ्र स्वास्थ्य कामना करता हूं।
मसूदुज्जफर अमीनी, कोच
रिंकू को आईपीएल में न खेल पाने से मुझे दुख हुआ है। उम्मीद करता हूं कि वह जल्द मैदान में दिखेंगे।
अर्जुन सिंह फकीरा, प्रशंसक