महानगर के खैर रोड बाईपास इलाके में देहलीगेट क्षेत्र की नवमान कालोनी स्थित एक गैराज में सोमवार को एक रिक्शा चालक की जली हुई लाश मिली। हाथ व कमर पर जलने के निशान देख परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मान रही है कि करंट से जलने के निशान हैं।
कनवरीगंज निवासी रिक्शा चालक सुमित (24) पुत्र रामकुमार छह बहन-भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिवार के अनुसार वह रविवार को रिक्शा लेकर घर से निकले थे। शाम में अपने तयेरे भाई देवेंद्र के नवमान कालोनी स्थित गैराज पर पहुंचे और रिक्शा खड़ा कर वहीं सो गए। इसी बीच करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सोमवार की सुबह शव देख लोगों की भीड़ लग गई।
खबर पर पुलिस व परिवार वाले भी पहुंच गए। परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा किया जिस पर पुलिस ने आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इंस्पेक्टर आशीष कुमार के अनुसार देखने से लग रहा है कि करंट लगने से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम में तस्वीर साफ हो जाएगी। परिवार का अपना आरोप है। जांच में सब साफ हो जाएगा।