वित्तीय वर्ष 2012-13 में नुमाइश से हुई आय के मामले में आयकर विभाग गाजियाबाद ने नुमाइश प्रशासन को बड़ा झटका दिया है। आयकर विभाग ने 2 करोड़ दस लाख 32 हजार रुपये की वसूली की है। आयकर की टीम ने नुमाइश के पीएनबी स्थित खाते से ये वसूली की है। अब नुमाइश प्रशासन इस मामले में ट्रिब्यूनल में अपील करने के लिए चार्टर्ड एकाउंटेंटों से सलाह ले रहा है।
मामला वित्तीय वर्ष 2012-13 का है। उस समय आयकर विभाग ने नुमाइश से होने वाली आय का हवाला देते हुए आयकर देने संबंधी नोटिस दिया था। जिसके जवाब में नुमाइश प्रशासन ने खुद स्वायत्त संस्था बताते हुए आयकर की धारा 12 ए में छूट का हवाला दिया था।
विभाग ने इस दलील को दरकिनार कर दिया। तब से यह मामला आयकर कार्यालय गाजियाबाद के अधीन कार्रवाई में चल रहा था। पिछले दिनों आयकर विभाग ने कार्रवाई करते हुए नुमाइश प्रशासन को दो करोड़ दस लाख 32 हजार रुपया बतौर आयकर देने के आदेश दिए।
आयकर अफसरों ने नुमाइश के पीएनबी स्थित खाते से यह रकम करीब सात दिन पहले वसूल ली। नुमाइश प्रभारी एवं एडीएम सिटी एसबी सिंह ने कहा है कि 2.10 करोड़ रुपया आयकर विभाग ने वसूल लिया है। इस मामले को ट्रिब्युनल ले जाने के लिए चार्टर्ड एकाउंटेंट से सलाह ली जा रही है। पूर्व में ट्रिब्यूनल ने नुमाइश प्रशासन के हक में निर्णय दिया था। खास बात ये है कि स्थानीय आयकर अधिकारियों को इस संबंध में पूरी जानकारी नहीं है।