एसीजेएम प्रथम कोर्ट से गवाही के बाद वापस आते उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के निदेशक राजीव रौतेला।
- फोटो : CITY OFFICE
पूर्व विधायक संजीव राजा के खिलाफ दर्ज 27 वर्ष पुराने मुकदमे में गवाही देने बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त आईएएस राजीव रौतेला दीवानी पहुंचे। इस दौरान वे एमपी/एमएलए मामलों की सुनवाई वाली निचली अदालत एसीजेएम-प्रथम में पेश हुए। गवाही पूरी होने के साथ-साथ बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने उनसे जिरह की। अब इस मामले में 17 अगस्त तारीख नियत की गई है। इस तारीख पर गवाह के रूप में तत्कालीन सीओ जगदीश शर्मा को तलब किया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार 22 जुलाई 1995 को तत्कालीन एसओ कप्तान सिंह चौहान की ओर से धारा 147, 148, 332, 353, 427, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें उस समय भाजयुमो के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक संजीव राजा आरोपी हैं। इस मुकदमे में सेवानिवृत्त आईएएस वर्तमान में उत्तराखंड सरकार में राजस्व परिषद के सदस्य राजीव रौतेला (तत्कालीन एडीएम सिटी अलीगढ़) तीसरे नंबर के गवाह हैं। इस मुकदमे का ट्रायल एमपी/एमएलए मामलों की सुनवाई वाली निचली अदालत एसीजेएम प्रथम संदीप कुमार कोर्ट में चल रहा है। न्यायालय स्तर से बृहस्पतिवार को तारीख नियत कर राजीव रौतेला को तलब किया गया था।
नियत तारीख पर राजीव रौतेला गवाही देने के लिए न्यायालय में पेश हुए। इस दौरान उनकी गवाही दर्ज की गई। इस दौरान बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता गोपाल बाबू जौहरी, प्रवीन कुमार वार्ष्णेय ने जिरह की और गवाह से क्रास सवाल किए। अधिवक्ता प्रवीन कुमार वार्ष्णेय के अनुसार अब इस मामले में अगली तारीख 17 अगस्त नियत की है, जिसमें पुलिस से सेवानिवृत्त तत्कालीन सीओ जगदीश शर्मा को तलब किया है।