कोरोना के चलते पिछले एक माह से लगे कोरोना कर्फ्यू को तमाम शर्तों के साथ खत्म कर दिया गया है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने आदेश जारी किया है कि अब सोमवार से शुक्रवार तक सुबह सात से शाम सात बजे तक बाजार खुलेगा। शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी।
रेस्टोरेंट अभी बंद रहेंगे, सिर्फ होम डिलीवरी की व्यवस्था चालू रहेगी। ई-रिक्शा, ऑटो में दो सवारी बैठने की अनुमति रहेगी, बाइक पर बस में सीटों के सापेक्ष सवारियों को बैठने की अनुमति रहेगी। इसके अलावा, शादियों में सिर्फ 25 लोग व शव यात्रा में 20 लोग शामिल हो सकते हैं। सब्जी मंडियां पूर्व की भांति खुलेंगी। लेकिन किसी ऐसे स्थल पर मंडी नहीं लगेगी जहां आसपास घनी आबादी हो। समस्त सरकारी व निजी कार्यालय 50 प्रतिशत कर्मचारियों की क्षमता के साथ खुलेंगे। डीएम ने बताया कि शनिवार व रविवार को सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। इन दो दिन बाजार नहीं खुलेगा। अगर, किसी दुकानदार ने दुकान खोली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।