शहर और आसपास के इलाकों में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। अलग-अलग बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों के लोगों ने सुबह से देर शाम तक बिजली गुल रहने और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतें कीं।
बुधवार रात करीब 10 बजे से एलमपुर बिजलीघर से जुड़े खैर रोड क्षेत्र की बिजली बंद होने की शिकायत सामने आई। नींवरी मोड़, महफूज नगर, सासनी गेट, हाथरस अड्डा, मथुरा रोड, शांति निकेतन और भुजपुरा, मेडिकल रोड, शिवपुरी के लोगों ने कई घंटे तक बिजली नहीं आने की शिकायत की।
दीनदयाल बिजलीघर से जुड़ी रामबाग कॉलोनी के लोगों ने सुबह आठ बजे से देर शाम तक बिजली बाधित होने की शिकायत की। एडीए कॉलोनी, अवंतिका फेज-1, रामघाट रोड क्षेत्र के सतीश माहेश्वरी ने बताया कि सुबह से बिजली बार-बार ट्रिप हो रही है। इस कारण घरों में लगे बिजली के उपकरणों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। अधीक्षण अभियंता शहरी अंशुमान यादव ने बताया कि खराबी वाले क्षेत्रों में तत्काल टीमें भेजकर आपूर्ति को बहाल कराया गया है।