पालीमुकीमपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के लिए जातिसूचक व अशोभनीय शब्दों का उपयोग किए जाने वाला एक वीडियो वायरल हो गया। जैसे ही यह वीडियो बसपाइयों तक पहुंचा तो वह आगबबूला हो उठे। पालीमुकीमपुर थाने पहुंचकर बसपाइयों ने नारेबाजी की। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने एससीएसटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज दर्ज हुई है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव बहरावद निवासी महावीर सिंह पुत्र नौबत सिंह पालीमुकीमपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। गुरुवार की शाम गांव चंदियाना रामपुर निवासी मनोज कुमार पुत्र अमर सिंह अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो वहां सेल्समैन महावीर सिंह को बसपा सुप्रीमो के बारे में अशोभनीय टिप्पणियां करते हुए सुना। मनोज ने अपने मोबाइल पर महावीर सिंह का वीडियो बना लिया। वीडियो बनाते देख महावीर ने मनोज से गालीगलौज भी की।
शुक्रवार की सुबह मनोज के साथ बसपा के तमाम समर्थक थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने की लिए तहरीर दी। इनमें बसपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष एनएस गौड़, बाबूराम जाटव, श्रीपाल सिंह, अर्जुन सिंह, जसवंत रावल, धर्मवीर सिंह, मनोज कुमार, गुलजारी, चंद्रप्रकाश, डॉ. रघुनाथ, घासीराम, भूपेंद्र, राजकुमार, मोनू शामिल रहे।
इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीडियो की सत्यता की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सुधीर सिंह, एसओ पालीमुकीमपुर।