संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा रोड पर गांव बरौस के निकट मंगलवार को रोडवेज बस की टक्कर से मारुति वैन सवार दो लोगों की मौत के मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
रवि पुत्र रामनाथ निवासी मक्खनपुर फिरोजाबाद द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके चाचा का लड़का महीपाल सिंह पुत्र दौजीराम निवासी नगला रमिया मक्खनपुर फिरोजाबाद और गोविंद पुत्र मुन्नालाल निवासी इदरई थाना मक्खनपुर फिरोजाबाद, मुकेश पुत्र राजवीर सिंह, राजवीर सिंह पुत्र राम सिंह निवासी नगला रमिया फिरोजाबाद, उज्ज्वल सिंह पुत्र सतीश शर्मा निवासी नगला भाव सिंह थाना मटसेना अपनी मारुति वैन से मुरसान से सादाबाद होकर आगरा जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में बरौस टोल प्लाजा के पास आगरा की ओर से आ रही सरकारी बस संख्या यूपी 86 ई-9745 ने तेजी व लापरवाही से वैन को टक्कर मार दी, जिसमें महीपाल, गोविंद व उज्जवल गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में महीपाल व गोविंद की उपचार के दौरान मौत हो गई।