बूचड़खानों पर सरकारी सील लगातार ठोकी जा रही है। मंगलवार को भी भुजपुरा में एक कोल्डड्रिंक गोदाम में रखवाए गए मीट के अवशेष मिलने पर गोदाम को सील कर दिया गया है। ये गोदाम भुजपुरा की विहार कॉलोनी में है। जिसके मालिक की तलाश हो रही है।
सीओ राज कुमार ने बताया कि इस गोदाम में नईम पहलवान का माल तकरीबन 100 बोरों में मिला है। जिसमें पशुओं के सींग, खुर, दूसरे अवशेष मिले हैं। इनको बाहर भेजने की तैयारी थी। नईम पहलवान और गोदाम मालिक दोनों फरार हैं। गोदाम को सील कर दिया गया है।
यहां पर एसीएम द्वितीय ललित कुमार और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। दोपहर तकरीबन साढ़े बारह बजे प्रशासनिक टीम जब वहां पहुंची तो भीड़ जमा हो गई। अधिकांश लोगों को पता तक नहीं था कि कोल्डड्रिंक के गोदाम में मीट प्रोडक्ट भी रखे गए हैं। क्योंकि ये इलाका अवैध बूचड़खानों के पास ही पड़ता है इसलिए जब कमेला रोड पर सख्त कार्रवाई हुई तो भुजपुरा में ये माल छिपाया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि ऐसा ही और माल अलग-अलग इलाकों में छिपाया गया है। जिसकी मुखबिरों से खबर मांगी गई है।
इधर, शहर में तीसरे दिन भी भैंस मीट बेचने वाले कारोबारियों की हड़ताल रही। जिससे छोटे से बड़े होटल तक हर जगह भैंस मीट से बनने वाले आइटम नहीं बिक रहे। ऊपरकोट, कमेला रोड, तुर्कमान गेट, देहलीगेट, खैर रोड, शाहजमाल ईदगाह, भुजपुरा, दोदपुर, मेडिकल रोड, जमालपुर, एएमयू चुंगी गेट, अनूपशहर रोड, बाईपास रोड सहित अन्य इलाकों में बड़े के गोश्त की बिरयानी, नहरी पाये, करी सहित अन्य आइटम बहुत कम ही बिके। गोश्त नहीं मिलने से होटलों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
आज डीएम से मिलेंगे कारोबारी
अल कुरैश वेलफेयर सोसायटी के सचिव एसएम यामीन ने बताया कि बुधवार को सभी कारोबारी एकत्र होकर पूर्व शहर विधायक जफर आलम के जेल रोड स्थित कार्यालय पर पहुंचेंगे। वहां से जफर आलम के साथ जिलाधिकारी को मिल कर अपनी समस्या बताएंगे। यामीन ने बताया कि अवैध कटान पर कार्रवाई का विरोध नहीं है, लेकिन चमड़ा, खाल और हड्डी सहित दूसरे आइटमों का काम करने वालों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी से मिलने जाएंगे। अगर बात नहीं बनी तो प्रदेश स्तर पर कारोबारी एकजुट होंगे और लखनऊ में अपनी बात रखेंगे। आल इंडिया जमीयतुल कुरैश के अलीगढ़ सदर हाजी जहीर भी इस मुहिम उनके साथ हैं।
वैध फैक्ट्री से खरीदा जाए एएमयू छात्रों का गोश्त
अवैध बूचड़खानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के कारण एएमयू के हॉलों में गोश्त की सप्लाई बंद हो गई है। इसकी वजह से हजारों छात्र परेशान है। छात्र संघ अध्यक्ष ने कुलपति जमीरउद्दीन शाह को पत्र लिखकर वैध फैक्ट्री से अच्छे क्वालिटी का गोश्त खरीदकर हॉलों के डायनिंग में पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग की है। छात्र संघ अध्यक्ष फैजुल हसन का कहना है कि किसी ने किसी रूप में हर रोज छात्रों को गोश्त मिलता है। वर्तमान संकट के कारण पिछले कई दिनों से हॉलों में गोश्त का सप्लाई बंद है। महंगाई के कारण मुर्गा के गोश्त का खर्च उठाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कुलपति को पत्र लिखकर हॉलों में वैध फैक्ट्री से गोश्त मंगाने की मांग की है ताकि छात्रों की समस्याएं दूर हो। वैध फैक्ट्री से गोश्त आने से क्वालिटी भी अच्छी होगी।