इगलास क्षेत्र में लूट की घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पांच दिन में बेखौफ बदमाशों ने तीसरी लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को मानो चुनौती दे दी है। गुरुवार को भी बदमाशों ने मोबाइल कंपनी में काम करने वाले एक युवक से बाइक और नगदी लूट ली।
गांव हस्तपुर के मजरा चंद्रफरी निवासी राहुल कुमार उपाध्याय पुत्र अशोक उपाध्याय अलीगढ़ रिलाइंस फोर जी कंपनी में कार्य करता है। गुरुवार की शाम करीब सात बजे वह बाइक से गांव लौट रहा था। अलीगढ़ मार्ग पर गांव जारौठ के समीप पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटैक कर रुकवा लिया। बदमाशों ने युवक से मारपीट करते हुए बाइक और पर्स लूट लिया। पीड़ित ने बताया कि उसके पर्स में दो हजार रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य कागजात थे।
बदमाश लूट के बाद फरार हो गए। इस संबंध में पीडि़त ने पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानवनी में जुट गई। सीओ देवेन्द्र सिंह का कहना है कि लूट की घटना हुई है, पुलिस मौके पर है। पीड़ित से रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया है।
विदित रहे कि बुधवार की सांय गिंदौली निवासी राजेन्द्र पुत्र रनवीर से लूटपाट कर ली। तीन दिन पूर्व नहर के समीप ही अलीगढ़ न्यायालय में तैनात न्यायिककर्मी राहुल चौधरी निवासी राधिका बिहार से भी बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने लूट की लिया था।