महानगर में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की 15वीं भव्य रथयात्रा बड़े ही धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ निकाली गई। रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ के साथ माता सुभद्रा और बलराम भगवान की भव्य झांकियां सबका मन मोह रही थीं। भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विदेशी श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल थे।
वे हरे राम, हरे कृष्णा की मधुर धुनों पर भक्ति में लीन होकर जमकर नृत्य करते हुए चल रहे थे। कई स्थानों पर रथयात्रा का भक्तों ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इस यात्रा का मुख्य आकर्षक विदेशी साधु संत जो राधे कुंज गौड़ीय मठ से आए हुए थे। रथ यात्रा का शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा उनके सपुत्र हर्षित राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, छर्रा ठा. रविद्र पाल सिंह, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान जगन्नाथ का पूजन कर यात्रा का शुभारंभ किया।
भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा। प्रभु रथ पर सवार हुए तो रथ खींचने वालों में होड़ मच गई । रथ के आगे श्रद्धालु झाड़ू लगाते हुए चल रहे थे। ढोल- मृदंग की मधुर धुनें सबको मोहित कर रही थीं। जिन पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। धोती- कुर्ता में भक्तजन भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए चल रहे थे। हरे राम-.हरे कृष्ण की धुन पर हर कोई मुग्ध था।
रथ यात्रा यूसुफगंज बारहद्वारी, से रघुवीरपुरी, प्रतिभा कॉलोनी आदि स्थानों से होकर सुरक्षा विहार कॉलोनी में भगवान जगन्नाथ के नव निर्मित मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलराम की आरती उतारने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ सी मची रही। भक्त राधा वर्मा ने बताया कि जगन्नाथ पुरी के पंडा द्वारा सिद्धांत प्रभु और राजेश प्रभु के सानिध्य में पिछले 15 वर्षों से यह रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा समापन पर 56 भोग प्रसादी का वितरण हुआ।