शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच करने गई किशोरी को एक युवक ने दबोच लिया। सरसों के खेत में खींचकर उससे दुष्कर्म किया। शोर सुनकर पास ही खेतों में मौजूद परिवार के एक युवक ने आरोपी को दबोचा तो उससे हाथापाई कर आरोपी भाग निकला। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। उधर आरोपी युवक के परिवार वाले भी खबर लगते ही फरार हो गए हैं।
सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही क्षेत्राधिकारी बरला व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज होने के साथ पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है।
बताते हैं कि पंद्रह वर्षीय किशोरी शुक्रवार की दोपहर शौच के लिए खेतों में गई थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंच गया। उसने किशोरी को पकड़कर दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर पास ही खेतों में चारा काट रहा परिवार का एक युवक वहां पहुंच गया। उसने शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन उससे हाथापाई कर आरोपी भाग निकला।
घटना की खबर लगते ही किशोरी के परिवार वालों समेत तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस अधिकारी भी तत्काल गांव पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीओ बरला सुमन कनौजिया ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी रिंकू पुत्र हाकिम सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में तनाव का माहौल होने के चलते पुलिस तैनात है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक के घर के अधिकांश सदस्य नदारद हैं। उसके घर में सिर्फ दो महिलाएं रह गई हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है।