कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाली अनुसूचित जाति की महिला की 17 वर्षीय बेटी से गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि पीड़िता की मां ने जब भट्ठा मालिक से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग मांगा तो भट्ठा मालिक ने धमकाकर ईंट भट्ठे से भगा दिया और मजदूरी के रुपये भी नहीं दिए। पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी के अलावा ईंट भट्ठा मालिक व एक अन्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना गोंडा क्षेत्र निवासी अनुसूचित जाति की महिला के अनुसार, वह अपने परिवार समेत ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी करती थी। 5 मार्च की शाम करीब 7 बजे उसकी 17 वर्षीय बेटी शौच के लिए जंगल गई थी। उसी समय राहुल नाम का युवक वहां पहुंचा और किशोरी को खींचकर गेहूं के खेत में ले गया और दुष्कर्म किया।
पीड़िता की मां के अनुसार जब उसने ईंट भट्ठा मालिक से मदद मांगी तो उसने धमकाकर भगा दिया और मजदूरी भी नहीं दी। पुलिस ने दुष्कर्म व रुपये हड़पने के अलग-अलग आरोप में तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित किशोरी को चिकित्सीय जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सीओ मोहसिन खान इस मामले की जांच कर रहे हैं।