महानगर के गांधीपार्क के नगला मान सिंह में एक मकान मालिक के बेटे ने किरायेदार युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ आठ माह तक शारीरिक संबंध बनाए। अब जब युवती तीन माह की गर्भवती हुई तो शादी के लिए दो टूक मना करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। इस मसले में न्याय के लिए युवती एसएसपी से मिलने पहुंची। मामले में एसएसपी ने साफ-साफ निर्देश दिए हैं कि अगर सहमति न बने तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
नगला मान सिंह निवासी युवती का आरोप है कि वह अपनी मां व परिवार के साथ किराए पर रहती है। आठ माह पूर्व मकान मालिक के बेटे ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर युवती ने जब अपने साथ हुई दरिंदगी की शिकायत की तो मकान मालिक के बेटे ने शादी का वायदा कर डाला।
इस तरह से युवती शादी के झांसे में आ गई और तभी वह युवक उसके साथ संबंध बनाने लगे। गत दिन जब युवती तीन माह की गर्भवती हुई तो उसने युवक से शादी के लिए कहा। युवती के तीन माह की गर्भवती होने की खबर जब युवक को लगी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इतना ही नहीं शादी के लिए मना करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।