इलाके में रंगबाजी को लेकर मडराक टोल प्लाजा के पास लगे कांवड़ सेवा कैंप में काम कर रहे युवकों पर इलाके के रंगबाज हिस्ट्रीशीटर ने साथियों संग हमला कर दिया। इस दौरान मारपीट कर रुपये तक लूट लिए। बाद में दो साथियों को अगवा कर ले गए। हालांकि पुलिस के हरकत में आने पर अगवा दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। साथ में हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी भी दबोच लिए गए। शनिवार सुबह दोनों युवक परिवारों को सौंप दिए गए। इधर, पुलिस घटना के मूल में बाइक टकराने का विवाद मान रही है।
घटनाक्रम के अनुसार मडराक के हिमांशु ठाकुर ने साथियों संग मिलकर टोल प्लाजा के पास कांवडिय़ों की सेवा के लिए कैंप लगाया था। इसी बीच रात दस बजे हिस्ट्रीशीटर रंगबाज गांव मईनाथ का विश्वजीत, अपने साथी मुकुंदपुर के अवधेश शर्मा, हरिचरन, ललित उर्फ राजू व अन्य 6-7 साथियों के साथ हथियारों सहित आया और बोला कि इस इलाके में उनकी बिना अनुमति कैंप कैसे लग गया। यह एरिया हमारे अंडर में आता है।
कैंप की एवज में रुपये मांगते हुए हिमांशु की जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद वहां से चले गए। आरोप है कि इसी बीच कांवडियों का एक्सीडेंट हो जाने की सूचना हिमांशु को मिली तो वह अपने साथी संतोष कुमार, आशीष दिवाकर, दीपक कुमार व सचिन संग वहां जा रहा था। तभी उन्हीं आरोपियों ने फिर रास्ता रोक लिया और रुपये मांगने लगे। आशीष दिवाकर ने विरोध किया तो हमलावर हो गए और मारपीट कर दी। मोबाइल छीन दीपक व सचिन को अपने साथ गाड़ी में डाल ले गए। इस सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने हिमांशु की तहरीर पर लूट, अपहरण आदि में तत्काल मुकदमा दर्ज किया। साथ में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
शनिवार तड़के विश्वजीत व राजू को दबोच लिया। जिनके पास से लूटा गया मोबाइल, एक तमंचा, दो कारतूस बरामद हुए। बाकी की तलाश जारी है। इसी गिरफ्तारी के साथ ही दीपक व सचिन भी बरामद कर लिए गए और उन्हें शनिवार को परिवार को सौंप दिया गया। शनिवार शाम उन्हें फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया। मगर वे डर की वजह से ज्यादा कुछ नहीं बोल पा रहे। फिलहाल पूछताछ जारी है।
इधर, पुलिस जांच में यह भी निकलकर आ रहा है कि यह घटना बाइक टकराने के विवाद में हुई है। मगर पुलिस इस मामले में दो युवकों को अगवा कर ले जाने को गंभीरता से ले रही है। एएसपी/सीओ इगलास राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दो आरोपी दबोच लिए गए हैं। बाकी की तलाश में टीम लगी हैं। दोनों युवकों से पूछताछ भी जारी है।