श्री रामलीला गोशाला कमेटी की ओर से आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में शुक्रवार को भव्य श्री राम बरात निकाली गई।समद रोड से रामघाट रोड पर पहुंचते ही भव्य स्वागत शुरू हो गया।मीनाक्षी पुल, दुबे का पड़ाव, रामलीला मैदान पर लोग अपनी दुकानों व घरों की छतों से प्रभु श्रीराम के दर्शन को लालायित हो उठे।
श्री रामलीला गोशाला कमेटी की ओर से आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में शुक्रवार को भव्य श्री राम बरात निकाली गई। शहर के लोगों ने राम बरात का अभिनंदन किया, जय श्रीराम के जयघोष से रामघाट रोड से लेकर रामलीला मैदान तक पूरा इलाका गूंज उठा। स्वागत में फूलों की बारिश से सड़कें पट गई लेकिन बारिश और जल भराव के कारण समद रोड से लेकर मीनाक्षी पुल तक घुटनों पानी में बरात निकाली। इतना ही नहीं , इस बार श्री राम बरात जल भराव के कारण गुरुद्वारा रोड से होकर नहीं निकली। बल्कि मीनाक्षी पुल से सीधे दुबे का पड़ाव होते हुए रामलीला मैदान पहुंची।
विज्ञापन
प्रभु श्रीराम के नयनाभिराम दर्शन को जनकपुर वासियों की अखियां एक टक निहारती रहीं।अचल ताल स्थित रामलीला में इस बार बारिश कुछ अधिक व्यवधान डाल रही है। किसी तरह से रामलीला संपन्न कराई जा रही है। शाम करीब सात बजे सेंटर प्वाइंट स्थित टीकाराम मंदिर से राम बरात निकाली गई। भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विमल अग्रवाल आदि ने संयुक्त रूप से प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की भव्य आरती की और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। बरात में विभिन्न झांकियां शामिल थीं। बैंडबाजे और शहनाई की धुन के साथ राम बरात जनकपुरी के लिए निकल पड़ी। समद रोड से रामघाट रोड पर पहुंचते ही भव्य स्वागत शुरू हो गया। मीनाक्षी पुल, दुबे का पड़ाव, रामलीला मैदान पर लोग अपनी दुकानों व घरों की छतों से प्रभु श्रीराम के दर्शन को लालायित हो उठे। तमाम भक्त हाथों में आरती का थाल लेकर प्रभु श्री राम और लक्ष्मण की आरती के लिए दौड़ पड़े। हर कोई प्रभु की मोहनी मूरत देखने को आतुर था। बैंड और डीजे की मधुर धुनों पर भक्तगण भी नृत्य करते हुए चल रहे थे। प्रभु राम बरात लेकर जनकपुरी पहुंचे तो यहां पर राजा जनक ने भव्य अगवानी की और सभी बरातियों का आदर सत्कार किया। आयोजन में सचिव अरविंद अग्रवाल, सह संयोजक अन्नू बीडी, विक्रांत गर्ग, ऋषभ गर्ग, सुशील मित्तल, संयम पाराशर, अनिल सेंगर, मीडिया प्रभारी गुंजित वार्ष्णेय आदि का सहयोग रहा।