शहर बृहस्पतिवार को जनकपुरी के रूप में सजा नजर आया। राहों पर तोरण द्वार सजे थे और श्रद्धालु आरती की थाली लिए स्वागत को खड़े थे। टीकाराम मंदिर से प्रभु श्रीराम की बरात निकली तो शहर जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। दो बग्गियों में दूल्हे के रूप में विराजमान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती उतारने के लिए श्रद्धालु आतुर नजर आए।
श्रीरामलीला गोशाला कमेटी की ओर से जीटी रोड स्थित रामलीला भवन में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव के तहत बृहस्पतिवार को श्रीराम बरात निकाली गई। सेंटर प्वाइंट स्थित टीकाराम मंदिर से निकली बरात को महापौर प्रशांत सिंघल, सुशांत सिंह, सुमित अग्रवाल, द्रोण अग्रवाल, श्यौराज सिंह, रामलीला कमेटी अध्यक्ष विमल अग्रवाल, अन्नू बीड़ी और ऋषभ गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बरात आगे बढ़ी तो सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती गई। श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों के दर्शन को लोग बेताब रहे। छतों और दुकानों से पुष्पवर्षा हुई। जगह-जगह आरती उतारी गई। समद रोड, गांधी आई हॉस्पिटल, रामघाट रोड, आभा होटल के बराबर वाली गली, विष्णुपुरी, सुदामपुरी, गुरुद्वारा रोड, ओम डेयरी और नौरंगाबाद पुल पर श्रद्धालुओं ने बरात का स्वागत किया। बच्चे हाथी-ऊंट देखने को उत्साहित रहे, जबकि युवा बैंड की धुन पर झूमते नजर आए।
27 झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
राम बरात में 27 झांकियां शामिल रहीं। दो घोड़े, तीन ऊंट, हाथी और भालू भी बरात का हिस्सा बने। दिल्ली, मेरठ, हापुड़ और आगरा से आए पांच बैंडों ने भक्ति का रंग गहरा किया। मां काली की सवारी भी शामिल रही। जगह-जगह आतिशबाजी हुई। स्वागत द्वारों से रामजी का डोला गुजरने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
जनकपुरी पहुंची बरात तो बढ़ा उल्लास
विभिन्न मार्गों से होती हुई बरात जनकपुरी स्थित श्रीरामलीला भवन, अचलताल पहुंची। बरात के पहुंचते ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। लोग श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों की एक झलक पाने को उमड़ पड़े। बैंड और शहनाई की धुन पर श्रद्धालु भी बरात के साथ चलते रहे। राजा जनक ने प्रभु श्रीराम और बरातियों की अगवानी की। स्वागत और आदर-सत्कार का क्रम चला। महिला, पुरुष और बच्चे मोबाइल में बरात के दृश्य कैद करते रहे।
बरात से घंटों जाम, राहगीर परेशान
बरात के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने, बैरिकेडिंग और डायवर्जन के कारण कई स्थानों पर लंबा जाम लगा। रामघाट रोड समेत आसपास के मार्गों पर वाहन घंटों रेंगते रहे। बरात देखने पहुंची भीड़ और सड़क किनारे खड़े वाहनों से स्थिति और बिगड़ गई। राहगीर गलियों व वैकल्पिक रास्तों से निकलते दिखे। यातायात पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।