शहर में बृहस्पतिवार को भगवान श्रीराम की भव्य राम बरात निकलेगी। धार्मिक जयघोष और झांकियों के बीच शहर का माहौल राममय होगा। शोभायात्रा के परंपरागत मार्गाें को चमकाने के लिए नगर निगम की टीमें देर रात तक जुटी रहीं।
टीकाराम मंदिर सेंटर पॉइंट, रामघाट रोड, मीनाक्षी पुल से गुरुद्वारा रोड, छर्रा अड्डा पुल और नौरंगाबाद पुल तक सड़क की खामियां दूर की गईं। खराब सड़कों का दुरुस्तीकरण किया गया, ताकि श्रद्धालुओं और झांकियों को परेशानी न हो। नगर निगम की टीमों ने मार्ग पर साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावना को देखते हुए मार्ग व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विमल अग्रवाल ने बताया कि राम बरात में 27 प्रमुख झांकियां और धार्मिक आकर्षण शामिल होंगे। कई झांकियों में भगवान के बाल स्वरूप और धार्मिक प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा।
नगर निगम की विशेष तैयारियां
नगर निगम ने राम बरात और 10 अक्तूबर को होने वाली सरयू पार लीला के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। राम बरात के रूट पर सफाई, प्रकाश और सड़क व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा ने बुधवार को पूरे रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने आठ घंटे में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सफाई अभियान और टीमों की तैनाती
नगर आयुक्त ने टीकाराम मंदिर से रामलीला मैदान तक रूट पर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने गड्ढों को भरने, पैचवर्क और सफाई को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। छर्रा अड्डा रोड पर बुधवार रात से मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों से सफाई शुरू हुई। पूरे राम बरात मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलेगा, ताकि कूड़ा न हो। नगर निगम ने 640 सफाईकर्मियों की 80 क्विक एक्शन टीमें बनाई हैं, जो रूट पर तैनात रहेंगी।