सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। तिलक कर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम का धागा बांधेंगी। सुबह 09.28 बजे तक भद्रा काल रहेगा। इसके बाद सुबह 09.29 बजे से लेकर 10.50 बजे तक और दोपहर 02.15 बजे से लेकर शाम 05.30 बजे तक राखी बांधने के मुहूर्त रहेंगे। ज्योतिष के अनुसार, भद्रा काल में राखी नहीं बांधनी चाहिए। वहीं कोरोना काल का प्रभाव रक्षाबंधन पर भी पड़ा। राखियों की वैरायटी कम रही तो दुकानदार भी कम ग्राहक के चलते मायूस भी रहे।
रविवार को रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई और राखी की दुकानें खोलने की अनुमति प्रशासन ने दी थी। लेकिन इन दुकानों पर कोई रिकार्ड बिक्री नहीं हुई। शहर से काफी कम संख्या में लोग निकले और खरीददारी की। दोपहर में जहां सन्नाटा पसरा रहा, वहीं शाम को लोग निकले। वहीं, अन्य जिलों में जाने वाली बहनों की संख्या भी सीमित रही। कोरोना संक्रमण काल का ही असर है कि लोगों ने खरीददारी में भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। दूसरी तरफ राखी विक्रेताओं ने भी सीमित पूंजी से दुकानें लगाईं। ऐसे में वैरायटी भी काफी कम रही। ग्राहक न आने की वजह से दोपहर बाद ही काफी दुकानदार अपने फड़ उठाकर घर चले गए।
- बिक्री कम होने का अनुमान पहले से ही था। इसलीए नाम मात्र का माल खरीदकर लाए थे। सीमित संख्या में ग्राहकों ने खरीददारी की है।
राजू, राखी विक्रेता, निरंजनपुरी।
- कोरोना के चलते मायके नहीं जा रही हूं। राखियों की वैरायटी भी नहीं आई है। कुछ लोग कलावा बांधने को भी महत्व दे रहे हैं।
श्रद्धा, निवासी मान सरोवर कालोनी।
- 28 सालों से रेलवे रोड पर दुकान लगा रहा हूं। ऐसा पहली बार हुआ है कि ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। भीड़ से अटा रहने वाला रेलवे रोड सूना रहा।
तनवीर अंसारी, राखी विक्रेता, रेलवे रोड।
- कोरोना संक्रमण का प्रभाव देखने को मिला है। काफी कम संख्या में ग्राहकों ने खरीददारी की है। इस बार तो बिक्री के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई है।
उमेश वार्ष्णेय, राखी विक्रेता, गली गुल्लूजी।
महिलाओं ने हाथों पर रचाई मेहंदी
रक्षाबंधन का त्योहार भले ही कोरोना संक्रमण के प्रभाव में रहे, लेकिन मान्यताओं के चलते रविवार को इसकी तैयारियां भी चलती रहीं। बहनों ने रामघाट रोड, स्वर्ण जयंती नगर, सेंटर प्वाइंट पर मेहंदी लगाने वालों से मेहंदी रचवाई। गिफ्ट की खरीदारी भी की। कई परिवारों ने रविवार को ही घेवर की खरीददारी की तो आज सोमवार में भी खरीदारी होगी।