अलीगढ़। अरुणाचल प्रदेश में अतरौली का नाम रोशन करने वाले राजाबाबू की चर्चाएं हो रही हैं। कोई दुआएं दे रहा है तो कोई पुरस्कार। डीपीएस के छात्र राजाबाबू ने मार्शल आर्ट में कांस्य पदक जीता है।
हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के इंटर स्कूल स्पोर्ट्स एंड गेम्स कॅम्पटीशन का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में 46 टीमों ने भाग लिया। डीपीएस की प्रधानाचार्या पल्लवी उपाध्याय ने बताया कि राजाबाबू ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक प्रतियोगिता के दौरान पांच फाइट जीतीं। जिसके आधार पर राजाबाबू ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
उन्होंने जानकारी दी की राजाबाबू ने चीन में छह महीने तक मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ली है। मंगलवार को राजाबाबू को सम्मानित करते हुए प्रधानाचार्या ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वाइस प्रिंसिपल चंद्रशेखर और प्रशासनिक अधिकारी ब्रज मोहन सहित सभी शिक्षकों ने भी राजाबाबू को बधाई दी है।