कई दिनों से झुलसा रही गर्मी के दौरान ही सोमवार की दोपहर को आई आंधी और बारिश से लोगों को राहत मिली। लेकिन शहर में कई जगहों पेड़ गिर गए और पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शहर की घनी आबादी वाले इलाके शाहपाड़ा में 150 वर्ष पुराना पेड़ गिर गया। इससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा भी कई स्थानों पर होर्डिंग गिर गए। टिन शेड आदि उड़ गए।
सोमवार को सुबह से ही जबरदस्त गर्मी थी। दोपहर के वक्त आसमान में बादल छाए और कुछ देर बाद ही तेज आंधी चलने लगी। आंधी के चलते मोहल्ला शाहपाड़ा में एक पुराना पेड़ उखड़कर गिर गया। गिरते वक्त कई मकानों को चपेट में ले लिया जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा टेलीफोन एक्चेंज के सामने पेड़ों की टहनियां टूट कर सड़कों पर आ गईं।
रेलवे रोड पर होर्डिंग बैनर फट गए। इसके बाद तेज बारिश आ गई। बारिश के चलते रेलवे रोड पर अमरनाथ के लिए जा रही भंडारा यात्रा को बीच में ही रुकना पड़ा। झांकियों में बैठे स्वरूप रथ से उतर कर पानी से बचे। आंधी और बारिश के चलते हाथरस अड्डा, सासनी गेट, भुजपुरा और एटूजे बिजली सब स्टेशन पर सप्लाई ठप हो गई। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी तार टूट गए। बिजली विभाग की टीमें लाइनों को ठीक करने के काम में लगी, शाम तक आपूर्ति सामान्य हो सकी। इससे पहले सुबह के समय गूलर रोड लाइन में खराबी आई थी जिससे गूलर रोड और ऊपर कोट पर सुबह दो घंटे बिजली बंद रही थी।
मामूली बारिश से पानी भरा
सोमवार को बहुत कम समय के लिए बारिश हुई थी लेकिन इसके चलते सासनी गेट एडीए कालोनी में जलभराव जैसी स्थिति बन गई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मानसून के समय क्या स्थिति होगी। अभी 40 फीसदी नाले ही साफ हुए हैं। जो हुए हैं वह भी आधे अधूरे। कई जगहों पर तो नाला निर्माण का काम चल रहा है।
आंधी के साथ ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
सोमवार की शाम अचानक आई तेज आंधी और ओलावृष्टि ने फसलों में भारी नुकसान पहुंचाया है। सबसे ज्यादा नुकसान खेतों में खड़ी मक्का और बाजरा की फसल में हुआ है। आंधी से सड़कों के किनारे खड़े पेड़ उखड़ गए। बिजली की लाइनें गिर गईं। गांव रामपुर गोसाईं में नेत्रपाल, पीतांबर, कैलाश गिरि, रामप्रसाद, उत्तम गिरि के घेर की दीवारें गिर गईं। गांव नहल के गुड्डू कश्यप, नेत्रपाल चौधरी, गांधी गुप्ता ने बताया कि विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही।